CG ई खबर डॉनेट

Ads-Google

कोरबा में दो भीषण सड़क हादसे, 5 लोगों की मौत; पिता-पुत्र समेत तीन की गई जान


कोरबा।
जिले में मंगलवार का दिन सड़क हादसों के लिहाज से बेहद दर्दनाक रहा। अलग-अलग स्थानों पर हुए दो भीषण सड़क हादसों में 5 लोगों की मौत हो गई। पहले हादसे में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक को टक्कर मार दी, जिसमें पिता-पुत्र समेत तीन लोगों की जान चली गई। वहीं, दूसरे हादसे में दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में दो युवकों की मौत हो गई। दोनों घटनाओं के बाद संबंधित क्षेत्रों में शोक का माहौल है।


खोडरी मोड़ पर स्कॉर्पियो ने बाइक को मारी जोरदार टक्कर

पहला हादसा कुसमुंडा थाना क्षेत्र के खोडरी मोड़ के पास दोपहर करीब 3 बजे हुआ। जानकारी के मुताबिक हरदीबाजार थाना क्षेत्र के ग्राम सरईसिंगार निवासी फूल सिंह (58 वर्ष), उनके बेटे नरसिंह सिंह (24 वर्ष) और रिश्तेदार यशवंत सिंह बाइक क्रमांक CG 12 BJ 5644 से गेवरा की ओर जा रहे थे।

इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही स्कॉर्पियो क्रमांक CG 12 BU 2420 के चालक ने कथित तौर पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

हादसा इतना भीषण था कि फूल सिंह और नरसिंह सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, गंभीर रूप से घायल यशवंत सिंह को डायल-112 की सहायता से मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई।

हादसे के बाद स्कॉर्पियो चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और फरार चालक की तलाश की जा रही है। एक ही गांव के तीन लोगों की मौत की खबर से सरईसिंगार गांव में मातम पसरा हुआ है।


सर्वमंगला में दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, दो की मौत

दूसरी दुर्घटना सर्वमंगला चौकी क्षेत्र में शाम के समय सर्वमंगला-कनवेरी मार्ग पर जोड़ा पुल के पास हुई। यहां दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। बताया जा रहा है कि एक बाइक पर तीन और दूसरी बाइक पर दो लोग सवार थे।

टक्कर के बाद पांचों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को उपचार के लिए मेडिकल अस्पताल पहुंचाया गया। इलाज के दौरान दो युवकों की मौत हो गई।

मृतकों की पहचान खम्हरिया लुटरा निवासी देवी प्रसाद निषाद और खिसोरा निवासी कोमल के रूप में हुई है। हादसे में घायल तीन अन्य लोगों का उपचार जारी है। उनकी पहचान फिलहाल नहीं हो पाई है।

पुलिस दोनों सड़क हादसों के कारणों की जांच कर रही है। लगातार हुए इन हादसों ने एक बार फिर जिले में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरे को सामने ला दिया है।

Top Post Ad

Below Post Ad

Ads


ads