कोरबा, 15 अगस्त 2026। मिनीमाता बांगो जलाशय में लगातार बढ़ रहे जलस्तर और पानी की आवक को देखते हुए 3 गेट खोल दिए गए हैं। जलाशय से हसदेव नदी में पानी छोड़े जाने के बाद नदी किनारे और निचले इलाकों में सतर्कता बढ़ा दी गई है।
मिनीमाता हसदेव बांगो बांध संभाग क्रमांक-03 माचाडोली के कार्यपालन अभियंता श्री एस.के. भारती से प्राप्त जानकारी के अनुसार 14 अगस्त की रात 7:45 बजे तक जलाशय में जलभराव 92.48 प्रतिशत दर्ज किया गया था। पानी की आवक लगातार बढ़ने के बाद अब जलाशय के 3 गेट खोल दिए गए हैं।
बाढ़ क्षेत्र से संपत्तियां सुरक्षित स्थान पर ले जाने की सूचना
जल संसाधन विभाग ने सर्वसाधारण एवं संबंधित संस्थानों को सूचित किया है कि वर्षाकाल में आवश्यकता होने पर मिनीमाता बांगो बांध माचाडोली से हसदेव नदी में पानी प्रवाहित किया जा सकता है। ऐसे में बांध के नीचे तथा हसदेव नदी के किनारे बाढ़ क्षेत्र में स्थापित चल-अचल संपत्तियों को तत्काल सुरक्षित स्थान पर ले जाने की सलाह दी गई है।
बाढ़ क्षेत्र में आने वाले खनिज खदान ठेकेदारों, औद्योगिक इकाइयों एवं विभिन्न संस्थानों को भी अपनी परिसंपत्तियां बाढ़ क्षेत्र से बाहर सुरक्षित स्थान पर करने के लिए सूचित किया गया है।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि अचानक आने वाली बाढ़ से होने वाली किसी भी प्रकार की क्षति के लिए जल संसाधन विभाग उत्तरदायी नहीं होगा। बाढ़ प्रभावित संभावित गांवों में ग्रामीणों को सतर्क करने के लिए मुनादी कराने के निर्देश भी दिए गए हैं। अब 3 गेट खुलने के बाद हसदेव नदी के जलस्तर में वृद्धि की संभावना को देखते हुए लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है।
इन गांवों में विशेष सतर्कता
बाढ़ क्षेत्र में संभावित रूप से प्रभावित होने वाले गांवों में बांगो, चर्रा, पोड़ी उपरोड़ा, कोनकोना, लेपरा, टुनियाकछार, पाथा, गाड़ाघाट, छिनमेर, कछार, कलमीपारा, सिलीयारीपारा, जूनापारा, तिलाईडाड, डुगुपारा, टुंगुमांड़ा, छिर्रापारा, मछलीबाटा, कोरियाघाट, धनगांव, डोंगाघाट, नरमदा, औराकछार, सोनगुड़ा, जेलगांव, झाबू, नवागांव, तिलसाभाटा, लोतलोता, स्याहीमुड़ी, कोड़ा, हथमार, झोरा और सिरकीकला सहित अन्य क्षेत्र शामिल हैं।
जल संसाधन विभाग ने लोगों से अपील की है कि हसदेव नदी और बाढ़ संभावित क्षेत्रों के आसपास अनावश्यक रूप से न जाएं तथा जलाशय का गेट खुलने की स्थिति में प्रशासन और विभाग द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।



