सक्ती। जिले में नाबालिग लड़की से छेड़छाड़ और जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी पर घर में घुसकर नाबालिग लड़की के साथ छेड़छाड़ करने, गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप है।
पुलिस के मुताबिक, 29 अगस्त 2026 को पीड़िता की परिजन ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि 28 अगस्त की शाम करीब 4 बजे नाबालिग लड़की घर में अकेली थी। इसी दौरान आरोपी विष्णु चौहान कथित तौर पर घर के अंदर घुसा और लड़की का हाथ व बांह पकड़कर उसके साथ छेड़छाड़ की। आरोप है कि आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू की। घटना की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई, जिसके बाद तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस ने पीड़िता का महिला पुलिस अधिकारी के माध्यम से कथन कराया और आरोपी विष्णु चौहान, पिता स्व. मनोहर लाल चौहान को गिरफ्तार कर लिया। मामले में पुलिस द्वारा आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि महिला एवं बालिकाओं से संबंधित अपराधों में पुलिस द्वारा प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जा रही है।


