CG ई खबर डॉनेट



Ads-Google

तरदा में फिर दिखे मगरमच्छ, वन विभाग ने गांवों में कराई मुनादी; नदी-खेत के पास जाने पर रोक


कोरबा।
जिले के तरदा गांव और आसपास के इलाकों में एक बार फिर मगरमच्छ दिखाई देने की सूचना से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। मंगलवार को तरदा एनीकट और कुदुरमाल एनीकट के पास मगरमच्छ देखे जाने की खबर सामने आई। सूचना मिलते ही वन विभाग सक्रिय हुआ और हसदेव नदी किनारे बसे गांवों में मुनादी कराकर ग्रामीणों को सतर्क रहने की अपील की।

वन विभाग ने लोगों को विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए हैं। ग्रामीणों से फिलहाल खेतों और नदी किनारे जाने से बचने, नदी में नहीं उतरने तथा अकेले नदी या एनीकट के आसपास नहीं जाने की अपील की गई है। विभाग ने लोगों से मगरमच्छ दिखाई देने पर उसके करीब जाने या उसे पकड़ने की कोशिश नहीं करने और तत्काल वन विभाग को सूचना देने को कहा है।

कुछ दिन पहले खेत तक पहुंच गया था मगरमच्छ

बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले भी तरदा गांव में एक मगरमच्छ दिखाई दिया था। नदी का जलस्तर बढ़ने के बाद करीब 4 फीट लंबा मगरमच्छ नदी से निकलकर खेतों तक पहुंच गया था। ग्रामीणों ने सूझबूझ दिखाते हुए उसे सुरक्षित पकड़कर वन विभाग के हवाले कर दिया था।

लगातार मगरमच्छ दिखाई देने की घटनाओं के बाद वन विभाग ने नदी किनारे बसे गांवों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। ग्रामीणों को सलाह दी गई है कि वे बच्चों को नदी, एनीकट और आसपास के जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रखें तथा रात के समय विशेष सावधानी बरतें।

वन विभाग की टीम क्षेत्र में स्थिति पर नजर बनाए हुए है। ग्रामीणों से अपील की गई है कि मगरमच्छ की मौजूदगी की कोई भी सूचना मिलने पर तत्काल वन विभाग को जानकारी दें, ताकि उसे सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू किया जा सके।

Top Post Ad


Below Post Ad