प्रेमी संग घर छोड़कर गई महिला का ट्रॉली बैग में मिला सड़ा-गला शव, हत्या के बाद आरोपी फरार

CG.ई ख़बर


दमन/नवादा।
बिहार के नवादा जिले के रोह थाना क्षेत्र के सिउर गांव की रहने वाली छोटी कुमारी की दर्दनाक मौत ने सभी को झकझोर कर रख दिया है। करीब दो वर्ष पहले प्रेम प्रसंग के चलते छोटी कुमारी अपने पति और परिवार को छोड़कर गांव के ही युवक ऋषभ कुमार के साथ केंद्र शासित प्रदेश दमन चली गई थी। दोनों वहां किराये के मकान में पति-पत्नी की तरह रह रहे थे।


परिजनों ने उस समय रोह थाना में अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कराई थी, लेकिन छोटी कुमारी वापस घर नहीं लौटी। अब उसका शव दमन में एक किराये के कमरे से ट्रॉली बैग के भीतर सड़ी-गली हालत में बरामद हुआ है।

प्रारंभिक जांच के अनुसार, किसी विवाद के बाद आरोपी ऋषभ कुमार ने छोटी कुमारी की हत्या कर दी। इसके बाद पहचान छिपाने के उद्देश्य से उसने शव को एक बड़े ट्रॉली बैग में भर दिया। बताया जा रहा है कि शव को बाहर ले जाने में असफल रहने पर आरोपी कमरे में ताला लगाकर फरार हो गया।

कई दिनों तक कमरा बंद रहने के कारण वहां से तेज दुर्गंध आने लगी। मकान मालिक ने इसकी सूचना दमन पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कमरे का ताला तोड़ा तो ट्रॉली बैग के अंदर महिला का सड़ा-गला शव मिला। जांच के बाद मृतका की पहचान नवादा निवासी मनीष उपाध्याय की पुत्री छोटी कुमारी के रूप में हुई।

घटना की सूचना दमन पुलिस ने नवादा पुलिस के माध्यम से परिजनों को दी, जिसके बाद परिवार के सदस्य दमन पहुंच गए हैं। इधर, सिउर गांव में घटना की खबर फैलते ही शोक और मातम का माहौल है।

दमन पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मुख्य आरोपी ऋषभ कुमार फिलहाल फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस हत्या के कारण और घटना की सटीक समयावधि का पता लगाने में जुटी हुई है।

3/related/default