कनकी धाम मार्ग पर हुड़दंग मचाने वाले बाइकर्स गिरोह पर पुलिस का शिकंजा, 7 बाइक जब्त

CG.ई ख़बर


(CG ई खबर | प्रमुख संपादक : ओम प्रकाश पटेल)

कोरबा। कनकी धाम दर्शन के लिए आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को परेशान करने और सड़क पर स्टंट कर दहशत फैलाने वाले बाइकर्स गिरोह के खिलाफ कोरबा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। उरगा थाना क्षेत्र में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 7 युवकों को गिरफ्तार किया है। इनमें कई नाबालिग भी शामिल बताए जा रहे हैं।


जानकारी के अनुसार, उरगा थाना क्षेत्र के ग्राम तरदा के पास कुछ युवक सड़क पर बाइक से खतरनाक स्टंट कर रहे थे। आरोप है कि बाइकर्स द्वारा रास्ता रोककर लोगों को परेशान किया जा रहा था, वहीं मोडिफाइड साइलेंसर से तेज आवाज निकालकर आम लोगों और श्रद्धालुओं में भय का माहौल बनाया जा रहा था। इनकी गतिविधियों के वीडियो सोशल मीडिया पर भी प्रसारित किए जा रहे थे।

मामले की सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और 7 युवकों को पकड़ लिया। पुलिस ने मौके से 7 बाइक भी जब्त की हैं। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 285 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

इसके अलावा 8 लोगों के खिलाफ धारा 170 BNS के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है। पुलिस कार्रवाई के दौरान पकड़े गए युवकों ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए कान पकड़कर माफी भी मांगी।

पुलिस के अनुसार, सड़क पर स्टंट करने, तेज आवाज वाले साइलेंसर का उपयोग करने और आम लोगों को परेशान करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि इस तरह की गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

3/related/default