सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करी के एक मामले का खुलासा किया है। ANTF और सरिया पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से गांजा, तस्करी में इस्तेमाल की जा रही कार और मोबाइल फोन समेत कुल 13 लाख 35 हजार रुपये का मशरूका जब्त किया गया है।
कंचनपुर बैरियर पर चेकिंग के दौरान पकड़ी गई कार
पुलिस के मुताबिक, सरिया थाना क्षेत्र के कंचनपुर बैरियर के पास पुलिस टीम वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान सीमावर्ती राज्य की ओर से आ रही एक संदिग्ध मारुति कार को रोककर जांच की गई। कार में 5 लोग सवार थे।
तलाशी के दौरान पुलिस को कार में 4 किलो 250 ग्राम गांजा बरामद हुआ। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 2 लाख रुपये बताई गई है।
कार और 5 मोबाइल समेत 13.35 लाख का माल जब्त
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने गांजे के अलावा तस्करी में इस्तेमाल की जा रही करीब 10 लाख रुपये कीमत की मारुति कार तथा आरोपियों के कब्जे से 5 महंगे मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। पुलिस के अनुसार, जब्त संपत्ति की कुल कीमत 13 लाख 35 हजार रुपये है।
रायगढ़ के रहने वाले हैं सभी आरोपी
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरफ्तार किए गए सभी 5 आरोपी रायगढ़ जिले के जूटमिल थाना क्षेत्र के निवासी हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मादक पदार्थों की तस्करी से संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की है।
सभी आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा कहां से लाया गया था और इसे कहां खपाने की तैयारी थी। साथ ही, तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क के संबंध में भी जांच की जा रही है।
CG ई खबर अपील: मादक पदार्थों की तस्करी समाज और युवाओं के लिए गंभीर खतरा है। यदि आपके आसपास नशीले पदार्थों की बिक्री या तस्करी से जुड़ी कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई देती है, तो इसकी सूचना संबंधित पुलिस थाने या अधिकृत पुलिस माध्यमों को दें।

