कोरबा/पाली। कोरबा जिले के पाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नुनेरा में गुरुवार को दर्दनाक हादसा हो गया। गांव के अलगू तालाब में नहाने गए तीन मासूम बच्चों की डूबने से मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक बच्चों के परिवारों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम नुनेरा निवासी इंदु अगरिया पिता दुर्जन (7 वर्ष), राखी पिता मलखम (8 वर्ष) और साधना पिता सुखसिंह (8 वर्ष) गुरुवार सुबह करीब 10:30 बजे गांव स्थित अलगू तालाब में नहाने गए थे। काफी समय बीत जाने के बाद भी जब तीनों बच्चे घर नहीं लौटे तो परिजनों को चिंता हुई।
परिजनों और ग्रामीणों ने तालाब पहुंचकर बच्चों की तलाश शुरू की। तालाब के किनारे तीनों बच्चों के कपड़े और चप्पल मिलने के बाद ग्रामीणों की चिंता और बढ़ गई। इसी दौरान तालाब में इंदु का शव दिखाई दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने तालाब में व्यापक खोजबीन शुरू की, जिसमें राखी और साधना के शव भी बरामद कर लिए गए।
तीनों मासूम बच्चों की मौत की खबर जैसे ही उनके परिजनों तक पहुंची, परिवारों में चीख-पुकार मच गई। वहीं घटना से पूरे नुनेरा गांव में मातम का माहौल है।
घटना की सूचना मिलने पर पाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मर्ग कायम कर तीनों शवों का मर्ग पंचनामा सहित आवश्यक कार्रवाई की और मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के वास्तविक कारणों को लेकर पुलिस द्वारा जांच की जा रही है।


