CG ई खबर डॉनेट

Ads-Google

जांजगीर-चांपा: शराब के नशे में पति ने पत्नी पर तारपीन तेल डालकर लगाई आग, गंभीर हालत में रायपुर में इलाज जारी; आरोपी गिरफ्तार


जांजगीर-चांपा।
छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के अकलतरा थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद के दौरान पत्नी को आग लगाकर गंभीर रूप से झुलसाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि शराब के नशे में पति ने पत्नी के ऊपर तारपीन तेल डालकर माचिस से आग लगा दी। घटना में महिला गंभीर रूप से झुलस गई, जिसका रायपुर के डीकेएस अस्पताल में उपचार जारी है। मामले में अकलतरा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को घटना के करीब 36 घंटे के भीतर रायपुर से गिरफ्तार कर लिया है।

घरेलू विवाद के दौरान वारदात को दिया अंजाम

मिली जानकारी के अनुसार, घटना 12 अक्टूबर 2026 की है। आरोपी लालमणी यादव उर्फ मनीराम यादव, पिता गणेशराम यादव, मूल निवासी करूमहूं, थाना अकलतरा क्षेत्र का रहने वाला है। वह पिछले करीब चार वर्षों से अपनी पत्नी और बच्चों के साथ अकलतरा के पोड़ीभाठा स्थित वार्ड क्रमांक-1 में रह रहा था।

बताया गया है कि घरेलू विवाद के दौरान आरोपी अपनी पत्नी के साथ गाली-गलौज और मारपीट करता था। आरोप है कि घटना वाले दिन विवाद बढ़ने पर उसने घर में रंग-रोगन के लिए रखे तारपीन तेल को पत्नी के ऊपर डाल दिया और माचिस से आग लगा दी।

चीख सुनकर पहुंचे पड़ोसियों ने बुझाई आग

आग लगने के बाद महिला जान बचाने के लिए चिल्लाते हुए घर से बाहर निकली। उसकी आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पानी डालकर आग बुझाई। इसके बाद गंभीर रूप से झुलसी महिला को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अकलतरा ले जाया गया।

महिला की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे बेहतर उपचार के लिए बिलासपुर के सिम्स अस्पताल रेफर किया। बाद में महिला को रायपुर स्थित डीकेएस अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज जारी है।

रायपुर से आरोपी पति गिरफ्तार

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की। पुलिस को आरोपी के रायपुर में होने की सूचना मिली, जिसके बाद अकलतरा पुलिस ने देर रात दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी को घटना के करीब 36 घंटे के भीतर पकड़ लिया गया।

इन धाराओं में दर्ज हुआ मामला

पुलिस ने आरोपी लालमणी यादव उर्फ मनीराम यादव के विरुद्ध थाना अकलतरा में अपराध क्रमांक 624/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 115(2), 351(3), 118(2) एवं 109 के अंतर्गत कार्रवाई की है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जय कुमार साहू, सहायक उपनिरीक्षक सुरेंद्र कश्यप और आरक्षक शेषनारायण साहू की भूमिका रही।

फिलहाल गंभीर रूप से झुलसी महिला का रायपुर के डीकेएस अस्पताल में उपचार जारी है। मामले में पुलिस की कार्रवाई के बाद अब महिला के स्वास्थ्य में सुधार की उम्मीद की जा रही है।

Top Post Ad

Below Post Ad

ads