(CG ई खबर | कोरबा जिला संवाददाता : नारायण चंद्राकर)
कोरबा। करतला थाना क्षेत्र के रामपुर-नोनबिर्रा मुख्य मार्ग पर मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में इलेक्ट्रिक बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों युवक मां दुर्गा की प्रतिमा के विसर्जन कार्यक्रम के बाद लौट रहे थे, तभी उनकी बाइक को एक बस ने जोरदार टक्कर मार दी।
नोनबिर्रा में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के बाद लौट रहे थे युवक
जानकारी के अनुसार, नोनबिर्रा में नौ दिनों तक मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित कर पूजा-अर्चना की गई थी। विसर्जन कार्यक्रम संपन्न होने के बाद दोनों युवक पूजा का सामान पंडित के घर छोड़कर इलेक्ट्रिक बाइक से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान रामपुर-नोनबिर्रा मुख्य मार्ग पर एक बस ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में दोनों युवकों की मौके पर मौत
बस की टक्कर इतनी जोरदार थी कि हादसे में दोनों युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।
बस चालक वाहन सहित फरार, पुलिस तलाश में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही करतला थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद बस चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।
फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है। हादसे से संबंधित अन्य जानकारी जांच के बाद सामने आने की उम्मीद है।

