आयुष्मान क्लिनिक में नवजात की संदिग्ध मौत, कब्र से शव निकालकर कराया गया पोस्टमार्टम, डॉक्टर पर कार्रवाई की तैयारी

CG.ई ख़बर


जांजगीर।
जिले के निजी अस्पताल आयुष्मान क्लिनिक में नवजात शिशु की संदिग्ध मौत के मामले ने तूल पकड़ लिया है। परिजनों की शिकायत के बाद सिटी कोतवाली पुलिस ने क्लिनिक संचालक डॉक्टर को नोटिस जारी किया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, नवजात के पिता जितेंद्र साहू ने आरोप लगाया है कि उनके बच्चे की मौत हो चुकी थी, इसके बावजूद उसे वेंटिलेटर पर रखा गया और इलाज के नाम पर रुपये वसूले गए। इस मामले की शिकायत उन्होंने कोतवाली में दर्ज कराई थी।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने मजिस्ट्रेट की अनुमति से नवजात के शव को कब्र से निकलवाकर पोस्टमार्टम कराया। पुलिस ने मर्ग कायम करते हुए जांच शुरू कर दी है।

एसपी विजय पांडेय ने बताया कि क्लिनिक संचालक डॉक्टर को नोटिस देकर जवाब मांगा गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि नवजात की मौत किन परिस्थितियों में हुई और क्या चिकित्सकीय लापरवाही हुई है।

फिलहाल पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और परिजनों को न्याय दिलाने का आश्वासन दिया गया है।

3/related/default