गेवरा-बरपाली वार्ड क्रमांक 25 की जर्जर सड़कें बनीं जनता के लिए मुसीबत, जिम्मेदारों की चुप्पी जारी

CG.ई ख़बर


कोरबा : (CG ई खबर) 
गेवरा बरपाली के वार्ड क्रमांक 25 में सड़क की हालत इस कदर खराब हो चुकी है कि लोगों का पैदल चलना तक मुश्किल हो गया है। जगह-जगह गड्ढे बन चुके हैं और हाल ही में हुई बारिश के कारण कई हिस्सों में पानी भर गया है। नालियों की उचित सफाई न होने से जलभराव की समस्या और भी गंभीर होती जा रही है।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि रोज़मर्रा की आवाजाही में उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्कूल जाने वाले बच्चे, बुजुर्ग, और महिलाएं सबसे अधिक प्रभावित हैं।

हैरानी की बात यह है कि इस सड़क की मरम्मत और निर्माण के लिए पिछले साल ही स्वीकृति मिल चुकी थी, फिर भी अब तक कोई कार्य शुरू नहीं हुआ है। ना ही वार्ड पार्षद तेजप्रताप सिंह और ना ही नगर पालिका बाँकी मोंगरा ने इस विषय पर कोई ठोस कार्रवाई की है।

स्थानीय लोगों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि चुनाव के समय नेता वादे तो बड़े-बड़े करते हैं, लेकिन जब काम करने की बारी आती है तो सब चुप्पी साध लेते हैं। वार्ड की जनता अब सवाल पूछ रही है – आख़िर उनका चुना हुआ प्रतिनिधि उनके लिए कब काम करेगा?

जनता की मांग है कि जल्द से जल्द इस सड़क का निर्माण कार्य शुरू किया जाए ताकि उन्हें राहत मिल सके।

3/related/default