कांग्रेस नेता बृजमोहन सिंह को जेल, पीएम मोदी पर की थी आपत्तिजनक टिप्पणी

CG.ई ख़बर


दुर्ग, वैशाली नगर|(छत्तीसगढ़ राज्य ब्यूरो चीफ ओम प्रकाश पटेल) 
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ सोशल मीडिया पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व साडा उपाध्यक्ष बृजमोहन सिंह को भारी पड़ी। वैशाली नगर थाना पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर मंगलवार रात न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस नेता की टिप्पणी को लेकर वैशाली नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। मामला तूल पकड़ता देख पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए बृजमोहन सिंह को गिरफ्तार किया और रात में ही थाने ले आई।

बताया गया कि कांग्रेस नेता द्वारा कुछ दिन पहले पीएम मोदी को लेकर दिए गए बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था, जिसके बाद भिलाई सहित जिलेभर में भाजपा कार्यकर्ताओं में आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में भाजपा नेता व कार्यकर्ता वैशाली नगर थाना पहुंचे और गिरफ्तारी की मांग की।

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने कांग्रेस नेता के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध किया। गिरफ्तारी की खबर फैलते ही कांग्रेस के पूर्व विधायक अरुण वोरा, जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर समेत कई वरिष्ठ नेता थाने पहुंचे और पुलिस पर बीजेपी के दबाव में काम करने का आरोप लगाया।

वहीं, दूसरी ओर बीजेपी महिला मोर्चा सहित कई भाजपाई कार्यकर्ता भी थाने में डटे रहे।

बुधवार सुबह बृजमोहन सिंह को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से मजिस्ट्रेट ने उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेजने का आदेश दिया।

यह मामला अब राजनीतिक तूल पकड़ता जा रहा है, और आने वाले दिनों में जिले की राजनीति में इसके गहरे प्रभाव देखने को मिल सकते हैं।

3/related/default