बड़ी खबर - पाली वन क्षेत्र से नीलगिरी की अवैध कटाई का मामला उजागर, माजदा समेत लाखों की लकड़ी जब्त

CG.ई ख़बर


कोरबा-पाली।(
CG ई खबर) कोरबा जिले के पाली वन परिक्षेत्र अंतर्गत संरक्षित वन खण्ड से कीमती नीलगिरी के पेड़ों की अवैध कटाई कर तस्करी की जा रही थी, लेकिन वन विभाग को भनक तक नहीं लगी। दर्जनों पेड़ों को मशीन से काटकर एक माजदा वाहन में भरकर छिपाया गया था। सौभाग्यवश सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर पहुंचकर वाहन सहित लकड़ियां जब्त कर लीं और जांच शुरू कर दी।

मिली जानकारी के अनुसार, कटघोरा वनमंडल के पाली परिक्षेत्र के कर्रानवापारा बीट, ग्राम कर्रा नवाडीह स्थित संरक्षित वन खण्ड कक्ष क्रमांक पी-98 में अज्ञात व्यक्तियों द्वारा कीमती नीलगिरी के पेड़ों की मशीन से कटाई कर उन्हें तस्करी के लिए माजदा वाहन में भरकर छिपा दिया गया था।

सूचना मिलते ही विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए रेंजर संजय लकड़ा के नेतृत्व में टीम गठित की। कार्रवाई के दौरान पोड़ी-मड़वामौहा मार्ग किनारे खड़ा संदिग्ध माजदा वाहन (सीजी 07-बीपी-0210) बरामद किया गया, जिसमें नीलगिरी की लकड़ियां भरी हुई थीं। वाहन का चालक मौके से फरार था।

स्थानीय ग्रामीणों से पूछताछ में पता चला कि वाहन पोड़ी निवासी विजय कश्यप का है, जो खुद भी मौके से फरार है। पंचगणों की उपस्थिति में वाहन और लकड़ियों को जब्त कर वन परिक्षेत्र कार्यालय पाली लाया गया।

वन विभाग ने मामले में भारतीय वन अधिनियम 1927 की धारा 33/42 और छत्तीसगढ़ वनोपज अभिवहन नियम 2002 के तहत वन अपराध प्रकरण क्रमांक 12630/12 दिनांक 21/06/2025 दर्ज किया है। मामले की जांच जारी है, और फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।

👉 अवैध कटाई और तस्करी का यह मामला न केवल वन संपदा की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है, बल्कि विभागीय सतर्कता पर भी सवालिया निशान छोड़ता है।

3/related/default