CG ई खबर डॉनेट

Ads-Google

कोरबा में गुंडाराज: भाजपा पार्षद को डीजल माफिया की जान से मारने की धमकी, FIR दर्ज


कोरबा (CG ई खबर) 20 सितम्बर : 
कोरबा जिले में गुंडाराज थमने का नाम नहीं ले रहा है। पाली में कोल माफिया गैंगवार में कोल ट्रांसपोर्टर की हत्या के बाद यह उम्मीद जताई जा रही थी कि पुलिस सख्ती दिखाएगी और अपराध पर नकेल कसेगी। लेकिन हकीकत इसके उलट है। जिले में कोल और डीजल चोरी का धंधा खुलेआम जारी है और अपराधी कानून-व्यवस्था की धज्जियाँ उड़ाते हुए खुलेआम गुंडागर्दी कर रहे हैं।

इसी कड़ी में कुसमुण्डा क्षेत्र से सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां भारतीय जनता पार्टी के बाँकीमोगरा नगर पालिका पार्षद दिलीप दास को एक डीजल चोर ने जान से मारने की धमकी दी है। पार्षद ने इस संबंध में पुलिस अधीक्षक कोरबा को लिखित शिकायत सौंपी है।

पार्षद दास का आरोप है कि कुसमुण्डा क्षेत्र में डीजल चोरी में संलिप्त अभिषेक आनंद शर्मा और उसके गुंडों ने पिछले कई महीनों से उन्हें और उनके परिवार को प्रताड़ित किया है। चुनावी रंजिश के चलते अभिषेक शर्मा उनसे चिढ़ा हुआ है। वर्ष 2025 के नगरीय निकाय चुनाव में पार्षद दास महज दो वोटों से विजयी हुए थे, जिसके बाद से आरोपी बदला लेने की फिराक में था। 

24 जुलाई 2025 की रात को अभिषेक शर्मा अपने 7–8 साथियों के साथ हथियारों से लैस होकर पार्षद के घर पहुंचा। आरोपियों ने घर में घुसकर तोड़फोड़ की और परिवार को गाली-गलौज व जान से मारने की धमकी दी। हालांकि, शोर सुनकर आसपास के लोग जुट गए और आरोपी फरार हो गए। इसकी शिकायत कुसमुण्डा थाने में दर्ज कराई गई थी।

इसके बाद 2 अगस्त 2025 को कोरबा शहर में पार्षद की गाड़ी पर हमला किया गया। किसी तरह वह जान बचाकर कोतवाली थाना पहुंचे। लेकिन थाना परिसर से बाहर निकलते ही आरोपी फिर घेराबंदी करने पहुंचे। अंततः पुलिस की पेट्रोलिंग टीम की मदद से पार्षद को सीएसईबी चौकी पहुंचाया गया, जहां उन्होंने शिकायत दर्ज कराई।

इतना ही नहीं, 27 अगस्त को विकास नगर और 30 अगस्त को आदर्श विहार क्षेत्र में भी आरोपी व उसके साथियों ने पार्षद के साथ विवाद और मारपीट की कोशिश की। इस दौरान अभिषेक शर्मा ने खुलेआम धमकी दी कि “17 दिन में जान से मार देंगे और 18वें दिन का सूरज वह नहीं देख पाएंगे।”

लगातार धमकियों और हमलों से परेशान होकर पार्षद दास ने 1 सितम्बर 2025 को पुलिस अधीक्षक कोरबा सिद्धार्थ तिवारी को आवेदन देकर सुरक्षा और सख्त कार्रवाई की मांग की। आवेदन पर संज्ञान लेते हुए एसपी ने कुसमुण्डा थाना पुलिस को एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए।



तदनुसार, कुसमुण्डा थाना पुलिस ने एफआईआर क्रमांक 285/2025 दर्ज की है, जिसमें आरोपी अभिषेक आनंद शर्मा, डिंपल वैष्णव, अश्वनी उर्फ साबू, संदीप शर्मा उर्फ बब्बन, शाहिद कुजूर उर्फ बबला समेत अन्य के खिलाफ बी.एन.एस. की धारा 115(2), 351(2), 296, 191(2), 324(4) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।

समाचार लिखे जाने तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

Top Post Ad

Below Post Ad

Ads


ads