भोपाल (CG ई खबर ) Bhopal News—राजधानी भोपाल में आयोजित जमीयत उलेमा-ए-हिंद की गवर्निंग बॉडी काउंसिल की बैठक में संगठन के अध्यक्ष मौलाना महमूद असद मदनी के बयान के बाद राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। बैठक को संबोधित करते हुए मौलाना मदनी ने ‘जेहाद’, न्यायपालिका, वक्फ संपत्तियों और मुसलमानों की सुरक्षा जैसे मुद्दों पर तीखे बयान दिए, जिन पर अब राजनीतिक घमासान और भी गहरा गया है।
‘जेहाद को बदनाम करने की साज़िश’ — मौलाना मदनी
मौलाना मदनी ने कहा कि इस्लाम के विरोधियों ने ‘जेहाद’ शब्द को हिंसा से जोड़ दिया है। "लव जिहाद", "लैंड जिहाद", "थूक जिहाद" जैसे शब्दों को उन्होंने मुसलमानों की तौहीन बताया। मदनी ने कहा कि इस्लाम में जेहाद अन्याय और अत्याचार के खिलाफ आवाज उठाने का पवित्र कर्तव्य है।
उन्होंने आगे कहा कि
“जब-जब जुल्म होगा, तब-तब जेहाद होगा। अन्याय के खिलाफ खड़ा होना धार्मिक जिम्मेदारी है।”
न्यायपालिका पर उठाए सवाल
मदनी ने सुप्रीम कोर्ट और न्याय व्यवस्था पर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि अदालतें सरकारी दबाव में काम कर रही हैं और इबादतगाह कानून की अनदेखी करते हुए ज्ञानवापी और मथुरा मामलों की सुनवाई की जा रही है।
मदनी ने कहा,
“सुप्रीम कोर्ट तभी सुप्रीम कहलाने का हकदार है जब वह संविधान की पाबंदी करे।”
उनके इस बयान के बाद कानूनी और राजनीतिक क्षेत्र में नई बहस शुरू हो गई है।
‘मुसलमानों को असुरक्षित महसूस कराया जा रहा’
मौलाना मदनी ने बुलडोजर कार्रवाई, मॉब लिंचिंग, आर्थिक बहिष्कार और नफरती अभियानों को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि धर्मांतरण कानूनों का इस्तेमाल मुसलमानों की दावत और तालीम को अपराध बनाने के लिए किया जा रहा है।
उन्होंने वक्फ संपत्तियों में सरकारी दखल का विरोध करते हुए कहा कि वक्फ मुसलमानों की अमानत है और इसमें हस्तक्षेप बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
मदनी ने गुरु तेग बहादुर साहिब की शहादत को हिन्दुस्तान की साझी विरासत बताते हुए कहा कि उनका बलिदान इंसानियत और धर्म की स्वतंत्रता की रक्षा का प्रतीक है।
भड़के भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा
मौलाना मदनी के बयान पर भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने तीखी प्रतिक्रिया दी है।
शर्मा ने कहा—
“अपराधियों और आतंकवादियों का साथ दोगे तो न्यायपालिका से क्या उम्मीद है? मदनी होश में रहो, भारत का न्यायालय हमेशा सत्य के आधार पर फैसले देता है।”
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मदनी की यूनिवर्सिटी में “ऐसे डॉक्टर तैयार किए जा रहे हैं जो बम बनाते हैं” और ऐसे लोगों को सजा-ए-मौत ही मिलनी चाहिए।
विधायक शर्मा ने चेतावनी भरे अंदाज़ में कहा कि मस्जिदों से आतंकवाद को बढ़ावा देने जैसी गतिविधियों पर कानून सख्ती से कार्रवाई करेगा।
‘भारत की न्यायपालिका और जनता देगी मुंहतोड़ जवाब’
शर्मा ने देशभक्ति का संदेश देते हुए कहा—
“अशफाकउल्ला खान और अब्दुल कलाम बनो, दुनिया सलाम करेगी। लेकिन अगर देश के खिलाफ बोलोगे, तो भारत की न्यायपालिका और जनता जवाब देना जानती है।”
मामला और गर्माने के आसार
मौलाना मदनी और भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा के बीच चले बयानबाज़ी के बाद भोपाल का राजनीतिक माहौल और गरम होता दिखाई दे रहा है। आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर और प्रतिक्रियाएं सामने आने की संभावना है।


