संविधान दिवस पर भीम आर्मी ने निकाली बाइक रैली, जय भीम-जय संविधान के नारों से गूंज उठा शहर

CG.ई ख़बर


(CG ई खबर – विजय चौहान, बिलासपुर संभाग ब्यूरो चीफ़)

कोरबा। संविधान दिवस के अवसर पर भीम आर्मी भारत एकता मिशन, जिला कोरबा द्वारा रविवार को एक भव्य जागरूकता बाइक रैली का आयोजन किया गया। रैली सीतामढ़ी से शुरू होकर घंटाघर चौक तक पहुंची, जहां प्रतिभागियों ने संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया।

रैली में शामिल युवाओं और सदस्यों ने पूरे उत्साह के साथ “जय भीम, जय संविधान” के नारे लगाए, जिससे शहर का माहौल संविधान और सामाजिक समरसता के संदेश से गूंज उठा।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को भारतीय संविधान में समाहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व जैसे मूलभूत सिद्धांतों के प्रति जागरूक करना था।

भीम आर्मी के एक प्रतिनिधि ने बताया,
“संविधान देश की आत्मा है। यह दिवस हमें उन आदर्शों की याद दिलाता है जिनके लिए संविधान निर्माताओं ने संघर्ष किया। रैली का उद्देश्य इन्हीं मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाना है।”

रैली के दौरान बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी रही। स्थानीय नागरिकों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए संविधान दिवस पर जागरूकता फैलाने के संदेश का स्वागत किया।

इस आयोजन ने शहर में संविधान के महत्व, नागरिक कर्तव्य और सामाजिक एकता पर एक सकारात्मक संवाद का वातावरण तैयार किया।

3/related/default