नए साल से पहले रायपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई
बैजनाथपारा से मोवा तक एक साथ छापेमारी, 100 से अधिक संदिग्ध हिरासत में
रायपुर। नए साल से ठीक पहले छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में पुलिस ने कानून-व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर बड़ी छापेमार कार्रवाई की है। राजधानी के लगभग सभी प्रमुख थाना क्षेत्रों में एक साथ की गई इस कार्रवाई से शहर में हड़कंप मच गया। देर रात तक पुलिस की इस सख्त कार्रवाई को लेकर चर्चाओं का दौर चलता रहा।
मिली जानकारी के अनुसार, रायपुर पुलिस ने बैजनाथपारा, मौदहापारा, संजय नगर, शंकर नगर, मोवा, टिकरापारा सहित कई इलाकों में एक साथ दबिश दी। यह विशेष अभियान बांग्लादेशी घुसपैठियों और संदिग्ध बाहरी व्यक्तियों की पहचान और जांच के उद्देश्य से चलाया गया।
61 संदिग्ध हिरासत में, पूछताछ जारी
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, बैजनाथपारा और टिकरापारा क्षेत्र से कुल 61 संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है। वहीं अन्य इलाकों में भी कार्रवाई के दौरान 40 से 50 लोगों को पकड़कर पूछताछ की जा रही है। सभी को अलग-अलग थानों में ले जाकर उनकी पहचान, दस्तावेज और पृष्ठभूमि की गहन जांच की जा रही है।
एक साथ कई थाना क्षेत्रों में कार्रवाई
इस ऑपरेशन की सबसे बड़ी खासियत यह रही कि पुलिस ने एक साथ कई थाना क्षेत्रों में दबिश दी। अचानक बड़ी संख्या में पुलिस बल और वाहन पहुंचने से स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई। किराए के मकानों, मजदूर बस्तियों और संदिग्ध ठिकानों की सघन तलाशी ली गई।
दस्तावेजों की बारीकी से जांच
हिरासत में लिए गए सभी लोगों से आधार कार्ड, पहचान पत्र और अन्य जरूरी दस्तावेज मांगे गए हैं। जिनके दस्तावेज अधूरे या संदिग्ध पाए गए हैं, उनसे सख्ती से पूछताछ की जा रही है। पुलिस को आशंका है कि कुछ लोग फर्जी पहचान के सहारे राजधानी में रह रहे हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नए साल के मद्देनज़र शहर की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और किसी भी अवैध गतिविधि पर रोक लगाने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।


