जांजगीर-चांपा। जिले में पोस्ट ऑफिस से जुड़ा एक बड़ा धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। चांपा पुलिस एवं साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई में पोस्ट ऑफिस चांपा का आरोपी एजेंट दीपक कुमार देवांगन (उम्र 35 वर्ष), निवासी अमरैयापारा, भोजपुर चांपा, को गिरफ्तार कर लिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपी एजेंट ने करीब 200 खाताधारकों से मासिक किस्तों की राशि तो नियमित रूप से वसूल की, लेकिन उसे संबंधित खातों में जमा नहीं किया। जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी ने फर्जी प्रविष्टियां (एंट्री) कर खाताधारकों को गुमराह किया तथा विश्वास में लेने के लिए फर्जी पोस्ट ऑफिस की मुहर (सील) का भी इस्तेमाल किया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि इस पूरे फर्जीवाड़े के जरिए आरोपी ने 1 करोड़ रुपये से अधिक की राशि हड़प ली। ठगी की शिकायतें मिलने के बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस व साइबर सेल ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपराध स्वीकार किया।
फिलहाल पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है तथा यह भी जांच की जा रही है कि इस धोखाधड़ी में कोई अन्य व्यक्ति या नेटवर्क शामिल है या नहीं। वहीं, पीड़ित खाताधारकों से दस्तावेज एकत्र कर राशि की वास्तविक मात्रा का आकलन किया जा रहा है।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी योजना या जमा राशि से संबंधित लेन-देन में सीधे अधिकृत काउंटर या डिजिटल माध्यम का उपयोग करें और संदिग्ध गतिविधियों की तत्काल सूचना पुलिस को दें।


