CG ई खबर डॉनेट

Ads-Google

हॉस्टल के कमरे में फांसी पर लटकी मिली छात्रा, जिंदल यूनिवर्सिटी परिसर में मातम


रायगढ़ (CG ई ख़बर) : 
रायगढ़ जिले से एक बेहद दुखद और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। जिंदल यूनिवर्सिटी में बी-टेक सेकेंड ईयर की पढ़ाई कर रही एक छात्रा ने हॉस्टल के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद यूनिवर्सिटी परिसर में अफरा-तफरी मच गई और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

मृतका की पहचान प्रिंसी कुमारी (20 वर्ष) के रूप में हुई है। वह जिंदल यूनिवर्सिटी के परिसर स्थित हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रही थी। जानकारी के अनुसार 20 दिसंबर की रात प्रिंसी अपने कमरे में अकेली थी। देर रात तक जब वह कमरे से बाहर नहीं निकली और फोन कॉल का भी कोई जवाब नहीं मिला, तो सहपाठी छात्राओं को संदेह हुआ।

इसके बाद हॉस्टल प्रबंधन को सूचना दी गई। दरवाजा खोले जाने पर कमरे के भीतर प्रिंसी का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही पूंजीपथरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

पुलिस को छात्रा के कमरे से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है। नोट में प्रिंसी ने अपने माता-पिता से भावुक शब्दों में माफी मांगते हुए लिखा है कि वह उनकी उम्मीदों पर खरी नहीं उतर पाई और पढ़ाई के दौरान उनसे बहुत अधिक पैसे खर्च करवा दिए। सुसाइड नोट से यह संकेत मिलता है कि छात्रा मानसिक दबाव और भावनात्मक तनाव से गुजर रही थी।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में मर्ग कायम कर लिया गया है। पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि छात्रा किसी शैक्षणिक दबाव, पारिवारिक चिंता या अन्य कारणों से परेशान तो नहीं थी।

घटना के बाद यूनिवर्सिटी परिसर में शोक की लहर है और छात्र-छात्राओं में गहरा सदमा देखा जा रहा है।

Top Post Ad

Below Post Ad

Ads


ads