कोरबा (CG ई खबर | जिला संवाददाता : सत्या पटेल) — कोरबा जिले के रजगामार चौकी क्षेत्र अंतर्गत रावणभांटा गांव में रविवार दोपहर एक घरेलू विवाद उस समय हाई-वोल्टेज ड्रामे में बदल गया, जब शराब के नशे में धुत एक युवक 200 फीट ऊंचे टावर पर चढ़ गया। करीब एक घंटे तक चले इस घटनाक्रम में युवक टावर से पत्नी को आवाज देता रहा और कूदने की धमकी देता रहा, जिससे गांव में अफरा-तफरी मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रावणभांटा गांव निवासी 26 वर्षीय करण चौहान शराब पीकर घर पहुंचा था। पत्नी द्वारा शराब पीने को लेकर टोके जाने पर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। गुस्से में करण घर से बाहर निकल गया और कुछ दूरी पर स्थित 200 फीट ऊंचे टावर पर चढ़ गया। टावर पर चढ़कर वह फिल्म शोले के ‘वीरू’ की तर्ज पर पत्नी को पुकारता रहा।
युवक की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए। सूचना मिलते ही रजगामार चौकी प्रभारी लक्ष्मण खूंटे पुलिस स्टाफ के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए युवक की पत्नी को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने काफी देर तक पति को समझाने का प्रयास किया।
करीब एक घंटे तक चले इस ड्रामे के दौरान युवक लगातार चिल्लाता रहा और नीचे कूदने की धमकी देता रहा। पुलिस और पत्नी की समझाइश के बाद अंततः युवक मान गया और सुरक्षित रूप से टावर से नीचे उतर आया। इसके बाद पुलिस ने उसे समझाइश देकर घर भेज दिया।
इस संबंध में रजगामार चौकी प्रभारी लक्ष्मण खूंटे ने बताया कि युवक शराब के नशे में था और पत्नी द्वारा शराब पीने पर फटकार लगाए जाने से नाराज होकर टावर पर चढ़ गया था। समय रहते समझाइश दिए जाने से एक बड़ा हादसा टल गया।


