चौकीदार पर हमला, बुजुर्ग ने जान बचाने के लिए किया संघर्ष, गंभीर घायल

CG.ई ख़बर


कोरबा में बकरियों के झुंड में घुसा जंगली सुअर

[CG ई ख़बर : विजय चौहान | बिलासपुर संभाग ब्यूरो चीफ़]

कोरबा | 15 दिसंबर — कटघोरा वनमंडल के दर्री सर्किल अंतर्गत तहसील कार्यालय के पीछे स्थित मणीकंचन केंद्र में रविवार देर रात उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब बकरियों के झुंड में घुसा एक जंगली सुअर चौकीदार पर हमला कर बैठा। इस हमले में 60 वर्षीय चौकीदार गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायल चौकीदार की पहचान दर्री के नगोईखार श्यामनगर निवासी लोरिक लाल यादव के रूप में हुई है, जो मणीकंचन केंद्र में चौकीदार के पद पर कार्यरत हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, लोरिक लाल यादव रविवार रात ड्यूटी पर थे और सोमवार सुबह करीब सात बजे घर लौटने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान कुछ बकरियां कचरा संग्रहण केंद्र में घुस आईं। बकरियों को बाहर खदेड़ने के लिए वे हाथ में छोटा डंडा लेकर थोड़ी दूर जंगल की ओर बढ़े। उन्हें इस बात का अंदेशा नहीं था कि बकरियों के झुंड में एक जंगली सुअर भी मौजूद है।

अचानक झुंड से निकलकर जंगली सुअर ने उन पर हमला कर दिया। जान बचाने के लिए उन्होंने शोर मचाते हुए डंडे से बचाव का प्रयास किया। काफी संघर्ष के बाद वे सुअर को जंगल की ओर खदेड़ने में सफल रहे, लेकिन तब तक वे बुरी तरह घायल हो चुके थे।

हमले में जंगली सुअर ने उनके गले, पीठ, हाथ, जांघ और पैर सहित शरीर के कई हिस्सों पर गहरे घाव कर दिए। घटना की सूचना मिलते ही मणीकंचन केंद्र के सुपरवाइजर ने परिजनों को जानकारी दी। परिजन तत्काल मौके पर पहुंचे और घायल चौकीदार को ऑटो रिक्शा से मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है।

इधर, घटना की सूचना पर कटघोरा वनमंडल के डीएफओ कुमार निशांत के निर्देश पर वन विभाग की टीम अस्पताल पहुंची और पीड़ित को विभाग की ओर से तत्काल सहायता राशि प्रदान की।

घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने जंगल से सटे इलाकों में जंगली जानवरों की बढ़ती आवाजाही पर वन विभाग से प्रभावी रोकथाम और सुरक्षा उपायों की मांग की है।

3/related/default