कोरबा न्यूज: होटल चंदेला में हुई हत्या का खुलासा — शादी के दबाव में प्रेमी ने प्रेमिका का गला घोंटा, 24 घंटे में आरोपी गिरफ्तार

CG.ई ख़बर


कोरबा (CG ई खबर | कोरबा जिला संवाददाता : सत्या पटेल)
— होटल चंदेला में मिली युवती की संदिग्ध मौत अब हत्या साबित हुई है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि युवती की हत्या उसके प्रेमी ने ही की। प्रेमिका द्वारा शादी के लिए लगातार दबाव डाले जाने से नाराज आरोपी ने गुस्से में आकर उसका गला घोंट दिया और मौके से फरार हो गया था। लेकिन पुलिस ने तेज कार्रवाई करते हुए मात्र 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।


कैसे हुआ था पूरा घटनाक्रम

कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित मुख्य मार्ग के होटल चंदेला में गुरुवार दोपहर प्रेमी-प्रेमिका पहुंचे थे। दोनों कमरा नंबर 207 में ठहरे। शुक्रवार दोपहर होटल का स्टाफ रूम सर्विस देने गया तो अंदर युवती बेड पर मृत अवस्था में मिली। उसके मुंह से झाग निकल रहा था, जिससे शुरुआत में जहर खाने का शक हुआ। लेकिन साथ आया युवक पहले ही कमरे से फरार हो चुका था।

सूचना मिलते ही एएसपी नीतिश ठाकुर, सीएसपी कोरबा, पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंचे और कमरे की विस्तृत जांच की।


कैसे सुलझी हत्या की गुत्थी

पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर कोतवाली पुलिस व साइबर सेल की संयुक्त टीम बनाई गई। जांच में सीसीटीवी फुटेज और होटल रजिस्टर में दर्ज जानकारी से स्पष्ट हुआ कि युवती के साथ एक युवक ठहरा था। युवक के गायब होने और मोबाइल लोकेशन की जांच में पुलिस का शक पुख्ता हो गया।

पुलिस द्वारा हिरासत में लेने पर आरोपी ने अपना जुर्म कबूलते हुए बताया कि युवती उससे शादी के लिए लगातार दबाव डाल रही थी। इसी बात को लेकर कमरे में विवाद हुआ और उसने गुस्से में आकर युवती का गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद वह मौका देखकर फरार हो गया।


24 घंटे में हुई गिरफ्तारी

तकनीकी जांच, सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को महज 24 घंटे के भीतर पकड़ लिया।

पुलिस मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है। इस घटना ने शहर में सनसनी फैला दी है और होटल संचालकों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

3/related/default