कोरबा न्यूज: तेज रफ्तार स्कॉर्पियो पेड़ से टकराई, रेंजर और चालक गंभीर रूप से घायल

CG.ई ख़बर


कोरबा (CG ई खबर | कोरबा जिला संवाददाता : सत्या पटेल)
— कोरबा जिले के पसान थाना क्षेत्र में रविवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया। हाथियों की गतिविधि की सूचना से लौटते समय वन विभाग की तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। इस भीषण टक्कर में रेंजर और चालक दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तुरंत दोनों को अस्पताल पहुंचाया।

जानकारी के अनुसार, पसान रेंज के रेंजर मनीष सिंह को पिपरिया क्षेत्र में हाथियों की मौजूदगी की खबर मिली थी। सूचना मिलते ही वे अपने चालक के साथ सरकारी स्कॉर्पियो में मौके पर पहुंचे। रेंजर ने ग्रामीणों को हाथियों के करीब न जाने और किसी भी तरह की छेड़छाड़ से बचने की कड़ी हिदायत दी। इस दौरान हाथी मित्र दल भी लगातार झुंड की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए था।

हादसा तब हुआ जब सुबह वापस लौटते समय वाहन अचानक नियंत्रण खो बैठा और तेज रफ्तार में पेड़ से जा भिड़ा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कॉर्पियो का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। हादसे में रेंजर मनीष सिंह के सीने व हाथ में गंभीर चोटें आई हैं, वहीं चालक भी बुरी तरह घायल हुआ है।

ग्रामीणों के मुताबिक, इलाके में पिछले कई दिनों से हाथियों का झुंड सक्रिय है। झुंड में एक बेबी एलिफेंट होने के कारण हाथी आक्रामक व्यवहार कर रहे हैं। इसके चलते किसानों की फसलों को नुकसान हो रहा है और ग्रामीणों में दहशत बढ़ गई है।

वन विभाग ने हाथियों की गतिविधियों पर नजर बढ़ा दी है और लोगों से अपील की है कि वे हाथियों के करीब न जाएं तथा सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।

3/related/default