(CG ई ख़बर : विजय चौहान | बिलासपुर संभाग ब्यूरो चीफ)
बिलासपुर। हिर्री थाना पुलिस ने ट्रेलर टायर चोरी के मामले में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने चोरी गए करीब 2 लाख 80 हजार रुपये मूल्य के आठ ट्रेलर टायर भी बरामद किए हैं। यह वारदात 11 दिसंबर की रात को अंजाम दी गई थी।
घटना का विवरण
सरकंडा क्षेत्र के शिव मंदिर के पास निवासी दुर्गा प्रसाद ने हिर्री थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके दो ट्रेलर (क्रमांक CG 10 BL 5084 एवं CG 10 BL 5081) भोजपुरी टोल प्लाजा के पास खड़े थे, जिनसे अज्ञात चोरों ने आठ टायर चोरी कर लिए। GPS लोकेशन ट्रैक करने के बाद जब प्रार्थी सुबह मौके पर पहुंचा, तब चोरी की पुष्टि हुई।
पुलिस की कार्रवाई
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में हिर्री पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जांच शुरू की। पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया, जिससे पता चला कि आरोपी चोरी के टायरों को एक पिकअप वाहन (JH 07 L 8763) में लादकर जशपुर की ओर ले जा रहे थे।
सूचना के आधार पर पत्थलगांव क्षेत्र में घेराबंदी कर पुलिस ने दोनों आरोपियों को धर दबोचा और उनके कब्जे से चोरी किए गए सभी टायर बरामद कर लिए।
गिरफ्तार आरोपी
- अरुण कुमार यादव (32 वर्ष), पिता – शिवचरण यादव, निवासी – महुलियाटांड़, नवादा (बिहार)
- राजीव उर्फ आकाश यादव (30 वर्ष), पिता – सुरेश यादव, निवासी – बदाही, जमुई (बिहार)
आगे की कार्रवाई
पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने 12 दिसंबर को दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि त्वरित कार्रवाई, तकनीकी जांच और टीमवर्क के चलते इस बड़ी चोरी का समय रहते खुलासा संभव हो सका। हिर्री पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधियों के हौसले पस्त हुए हैं।


