(CG ई खबर : विजय चौहान | बिलासपुर संभाग ब्यूरो चीफ़) : छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में पुलिस ने एक बड़े ठगी नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। खुद को कुंवारा बताकर चार शादियां करने और महिलाओं से करीब 32 लाख रुपये की ठगी करने वाले शातिर आरोपी बीरेन्द्र कुमार सोलंकी (54) को गुजरात से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी लंबे समय से फर्जी पहचान के सहारे महिलाओं को अपने जाल में फंसा रहा था।
फर्जी विज्ञापन और झूठी पहचान का खेल
एएसपी पद्मश्री तंवर ने बताया कि आरोपी समाचार पत्रों में फर्जी वैवाहिक विज्ञापन प्रकाशित कराता था। विज्ञापन देखकर संपर्क करने वाली महिलाओं से वह पहले भावनात्मक रिश्ता बनाता, फिर शादी का भरोसा देकर धीरे-धीरे मोटी रकम ऐंठ लेता था।
चार शादियां… हर बार नया झूठ
जांच में यह भी सामने आया कि बीरेन्द्र पहले से ही तीन महिलाओं से शादी कर चुका था। इसके बावजूद उसने यह सच छिपाकर शिकायतकर्ता महिला से भी शादी कर ली। शादी के बाद वह बार-बार अलग-अलग बहाने बनाकर पैसे मांगता रहा।
ऐसे उड़ाए 32 लाख रुपये
पीड़िता ने पुलिस को बताया—
- फरवरी 2022 में आरोपी ने “जरूरी खर्च” के नाम पर 2 लाख रुपये लिए।
- जनवरी 2024 में उसने 6 लाख रुपये कैश मांगे। यह रकम महिला ने बैंक से लोन लेकर दी।
- आरोपी ने उसके गहने गिरवी रखवाकर 1 लाख 30 हजार का गोल्ड लोन भी निकलवाया।
इस तरह कुल मिलाकर आरोपी ने लगभग 32 लाख रुपये की ठगी की।
गुजरात से दबोचा गया ‘लुटेरा दूल्हा’
दुर्ग पुलिस आरोपी की काफी समय से तलाश कर रही थी। जानकारी मिली कि वह गुजरात में छिपा हुआ है। पुलिस टीम ने वहां दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया और दुर्ग लाकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।
पुलिस का कहना है कि आरोपी के शिकार हुई अन्य महिलाएं भी सामने आ सकती हैं, इसलिए जांच का दायरा बढ़ाया जा रहा है।


