बड़वानी (मध्यप्रदेश)। Student Teacher Video मामला: बड़वानी जिला मुख्यालय स्थित सेठ जयपुरिया स्कूल से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। प्री-बोर्ड परीक्षा के दौरान नकल के शक में 10वीं की छात्रा के कपड़े उतरवाने का गंभीर आरोप स्कूल की महिला शिक्षिका पर लगा है।
नकल के शक में छात्रा से कपड़े उतरवाए?
सूत्रों के अनुसार, मंगलवार को जब 10वीं की छात्रा परीक्षा देने पहुंची, तो क्लास में ड्यूटी पर तैनात शिक्षिका पूजा सोलंकी को उस पर नकल का संदेह हुआ। आरोप है कि शिक्षिका छात्रा को वॉशरूम ले गईं और वहां उसके कपड़े उतरवाए।
छात्रा ने यह बात घर जाकर परिजनों को बताई।
स्कूल पहुंचे परिजन, घंटों इंतजार—फिर आक्रोश
गुरुवार को छात्रा अपने परिजनों के साथ स्कूल पहुंची और शिक्षिका से बात करने की मांग की।
परिजनों का आरोप है कि वे दो घंटे तक इंतजार करते रहे, लेकिन न तो शिक्षिका सामने आईं, न ही स्कूल प्रबंधन ने कोई स्पष्ट जवाब दिया।
स्थिति बिगड़ती देख ABVP के कार्यकर्ता भी स्कूल पहुंच गए और घटना के विरोध में प्रदर्शन शुरू कर दिया। कुछ देर बाद परिजनों ने स्कूल में कथित तौर पर तोड़फोड़ भी की।
पुलिस की एंट्री, थाने पहुंचे परिजन
घटना की सूचना पर शहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची।
ABVP नेता राहुल बंडोले ने बताया कि चेकिंग के नाम पर छात्रा को कपड़े उतारने को मजबूर किया गया। जब छात्रा ने कारण पूछा, तो शिक्षिका ने कथित तौर पर कहा—
“तुम खुद उतार लो, नहीं तो हमें उतारने पड़ेगा।”
इसी बयान से गुस्सा बढ़ा और संगठन ने प्रदर्शन किया। बाद में छात्रा के परिजन एफआईआर दर्ज कराने की मांग को लेकर थाने पहुंचे।
स्कूल प्रबंधन का बयान
स्कूल प्रबंधन ने बताया कि उन्हें शिक्षिका के खिलाफ शिकायत मिली है।
छात्रा के परिजन स्कूल आए थे, लेकिन भीड़ बढ़ने और माहौल तनावपूर्ण होने के कारण शिक्षिका को सामने नहीं लाया गया।
घटना को लेकर इलाके में तनाव का माहौल है। परिजन और ABVP इस मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं, वहीं पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है।


