कोरबा (CG ई खबर | दर्री ब्लॉक रिपोर्टर : सरस्वती)
सार्वजनिक क्षेत्र के वृहद उपक्रम कोल इंडिया की अनुषंगी कंपनी एसईसीएल बिलासपुर के अधीन कोरबा-पश्चिम क्षेत्र स्थित गेवरा खुली खदान से जुड़े कोयला हेराफेरी मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 5 अन्य कथित आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार एसईसीएल की मेगा परियोजना गेवरा खदान से अदानी पावर कंपनी के लिए कोयला ट्रेलर के माध्यम से जयरामनगर रेलवे साइडिंग तक परिवहन किया जाना था, लेकिन जांच में सामने आया कि कई वाहन साइडिंग तक न पहुंचकर रास्ते में ही कोयले की अवैध खपत कर रहे थे। इसके साथ ही रेलवे साइडिंग में फर्जी एंट्री और अनलोडिंग दर्ज कर हेराफेरी की जा रही थी।
मामले का खुलासा तिवरता ट्रांसपोर्ट कंपनी की शिकायत पर हुआ, जिसके बाद दीपका थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जांच कर पूरे फर्जीवाड़े का पर्दाफाश किया।
पुलिस द्वारा की गई इस कार्रवाई में 5 और कथित आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ अब तक कुल 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। लगातार हो रही गिरफ्तारी से कोयला हेराफेरी से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा हुआ है, वहीं पुलिस आगे की जांच में जुटी हुई है।


