युवक-युवती ने चाकू से किया हमला, दोनों आरोपी गिरफ्तार
(CG ई खबर | जिला रिपोर्टर : नारायण चंद्राकर)
दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में पदस्थ पुलिस उपाधीक्षक (DSP) तोमेश वर्मा पर दंतेवाड़ा में जानलेवा हमला किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक युवक और एक युवती ने चाकू से हमला कर डीएसपी को गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद उन्हें तत्काल इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी हालत खतरे से बाहर बताई है।
सिटी कोतवाली क्षेत्र में हुई वारदात
प्राप्त जानकारी के अनुसार यह हमला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में हुआ। डीएसपी तोमेश वर्मा किसी शासकीय कार्य से दंतेवाड़ा जिला मुख्यालय आए हुए थे। इसी दौरान दुर्ग जिले के निवासी रमाशंकर साहू और रजनिशा वर्मा उनका पीछा करते हुए दंतेवाड़ा पहुंचे और मौका मिलते ही उन पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
चेहरे, सिर और गले के पास गंभीर चोटें
हमले में डीएसपी के चेहरे, सिर और गले के पास गंभीर चोटें आई हैं। घटना के तुरंत बाद उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति स्थिर बताई। चिकित्सकों के अनुसार फिलहाल उनकी जान को कोई खतरा नहीं है।
मौके से ही गिरफ्तार हुए हमलावर
घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों युवक और युवती को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया। उनसे गहन पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह हमला पुरानी आपसी रंजिश के चलते किया गया।
दुर्ग कोर्ट में विचाराधीन था मामला
पुलिस सूत्रों के अनुसार आरोपियों और डीएसपी के बीच से जुड़ा एक मामला पहले से दुर्ग न्यायालय में विचाराधीन था, जिसके चलते इस हमले की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की हर एंगल से जांच कर रही है।
घटना के बाद जिले में पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।


