सरदार पटेल की 75वीं पुण्यतिथि पर कोरबा कांग्रेस ने किया श्रद्धासुमन

CG.ई ख़बर


[CG ई ख़बर : विजय चौहान | बिलासपुर संभाग ब्योरो चीफ़]

कोरबा। भारत के प्रथम गृह मंत्री एवं ‘लौह पुरुष’ सरदार वल्लभभाई पटेल की 75वीं पुण्यतिथि के अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी, कोरबा शहर द्वारा टी.पी. नगर स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय में श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान कांग्रेसजनों ने सरदार पटेल के तैलचित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें शत्-शत् नमन किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने सरदार पटेल की अद्वितीय निर्णय क्षमता का उल्लेख करते हुए कहा कि देशी रियासतों के भारत में विलय की ऐतिहासिक प्रक्रिया को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में उनकी भूमिका अविस्मरणीय रही। उन्होंने कहा कि देशहित में लिए गए साहसिक निर्णयों के कारण ही उन्हें ‘लौह पुरुष’ की उपाधि मिली और वे सदैव भारतीयों के हृदय में जीवित रहेंगे।

पूर्व महापौर राजकिशोर प्रसाद ने कहा कि गृह मंत्री के रूप में सरदार पटेल ने देश की एकता और अखंडता को सुदृढ़ किया तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की प्रतिष्ठा को मजबूत किया। अनेक चुनौतियों के बावजूद रजवाड़ों को भारतीय संघ में शामिल कराना एक महान ऐतिहासिक उपलब्धि थी।

पूर्व जिला अध्यक्ष नथुलाल यादव ने सरदार पटेल द्वारा किए गए रचनात्मक कार्यों का स्मरण करते हुए सोमनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण, गांधी स्मारक निधि की स्थापना और कमला नेहरू अस्पताल की रूपरेखा तैयार करने में उनके योगदान को रेखांकित किया।

नेता प्रतिपक्ष कृपाराम साहू ने बताया कि सरदार पटेल का जन्म 31 अक्टूबर 1875 को गुजरात में हुआ था तथा 15 दिसंबर 1950 को 76 वर्ष की आयु में उनका निधन हुआ। वर्ष 1947 से 1950 तक गृह मंत्री के रूप में उन्होंने देश के लिए अमूल्य सेवाएं प्रदान कीं।

इस अवसर पर लक्ष्मीनारायण देवांगन, ब्लॉक अध्यक्ष संतोष राठौर, जिला उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह ठाकुर, पार्षद बद्री किरण, सेवादल अध्यक्ष प्रदीप पुरायणे सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने सरदार पटेल के राष्ट्रनिर्माण में दिए गए योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

3/related/default