कोरबा/बांकी मोंगरा CG ई खबर | पिंकी महंत | कटघोरा ब्लॉक रिपोर्टर
कोरबा। नगर पालिका परिषद बांकी मोंगरा को जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) फंड के अंतर्गत जेसीबी बैको लोडर मशीन की सौगात मिली है। शुक्रवार को नगर पालिका कार्यालय परिसर में इस मशीन का विधिवत उद्घाटन नगर पालिका अध्यक्षा सोनी झा एवं उपाध्यक्ष गायत्री कंवर द्वारा किया गया। इस अवसर पर नगरवासियों और जनप्रतिनिधियों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
उद्घाटन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगर पालिका अध्यक्षा सोनी झा ने कहा कि जेसीबी मशीन के उपलब्ध होने से नगर क्षेत्र में सड़क मरम्मत, नाली निर्माण, साफ-सफाई, अतिक्रमण हटाने सहित अन्य विकास कार्यों को गति मिलेगी। इससे नगर पालिका की कार्यक्षमता में वृद्धि होगी और आम नागरिकों की समस्याओं का समाधान समयबद्ध तरीके से किया जा सकेगा।
वहीं नगर पालिका उपाध्यक्ष गायत्री कंवर ने कहा कि डीएमएफ फंड का मुख्य उद्देश्य खनन प्रभावित क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना है। जेसीबी मशीन से विकास कार्यों में पारदर्शिता के साथ-साथ तेजी भी आएगी, जिससे नगर को सीधा लाभ मिलेगा।
कार्यक्रम में नगर पालिका के पार्षदगण, अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने इसे नगर के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए डीएमएफ फंड के सार्थक उपयोग की सराहना की।



