[CG ई ख़बर : विजय चौहान | बिलासपुर संभाग ब्यूरो चीफ़]
बिलासपुर। रतनपुर नगर के विभिन्न वार्डों में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) द्वारा जनसुनवाई कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इन बैठकों में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भाग लेकर सड़क, नाली, पेयजल, बिजली व्यवस्था और साफ-सफाई जैसी बुनियादी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।
कार्यक्रम के दौरान एनसीपी के जिला अध्यक्ष एवं प्रदेश सचिव रमेश कुमार पांडेय ने नागरिकों से सीधा संवाद करते हुए उनकी समस्याएं गंभीरता से सुनीं और समाधान का भरोसा दिलाया। वहीं ग्रामीण जिला अध्यक्ष मोहम्मद अयूब मेमन ने कहा कि जनसुनवाई में सामने आई सभी मांगों को प्राथमिकता के साथ संबंधित विभागों तक पहुँचाया जाएगा तथा उनके निराकरण के लिए ठोस पहल की जाएगी।
प्रदेश अध्यक्ष निलेश बिस्वास ने इस जनसुनवाई पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों से संगठन को मजबूती मिलती है और जनता का विश्वास बढ़ता है। उन्होंने कहा कि एनसीपी का उद्देश्य जनता से सीधे जुड़कर उनकी समस्याओं को आवाज देना है।
जनसुनवाई के दौरान जिला अध्यक्ष रमेश कुमार पांडेय ने पार्टी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे निरंतर जनता के बीच सक्रिय रहकर जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाएं, ताकि क्षेत्र का समुचित विकास सुनिश्चित किया जा सके।


