इंदिरा नगर बस्ती में घरों के बाहर क्रॉस का निशान, रेलवे प्रबंधन के खिलाफ लोगों में गुस्सा

CG.ई ख़बर


कोरबा (CG ई खबर | जिला संवाददाता : सत्या पटेल)
— रेलवे लाइन से सटी इंदिरा नगर बस्ती में सोमवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब लोगों ने अपने घरों के बाहर लाल रंग से बने क्रॉस के निशान देखे। बस्तीवासियों का आरोप है कि ये निशान रेलवे प्रबंधन द्वारा लगाए गए हैं। अचानक हुई इस कार्रवाई से पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल बन गया।

स्थानीय लोगों के अनुसार, करीब एक माह पहले रेलवे प्रबंधन ने इंदिरा नगर बस्ती के लगभग 250 परिवारों को बस्ती खाली करने का नोटिस जारी किया था। नोटिस के बाद से अब तक न तो रेलवे प्रशासन की ओर से कोई ठोस बातचीत की गई और न ही पुनर्वास या वैकल्पिक व्यवस्था को लेकर कोई स्पष्ट योजना सामने आई। इसी बीच देर रात घरों के बाहर क्रॉस का निशान लगाकर चले जाना और सुबह यह खबर फैलना कि मंगलवार को हटाने की कार्रवाई की जाएगी, लोगों के गुस्से को और भड़का गया।

इससे आक्रोशित बस्तीवासी एकजुट होकर पहले रेलवे एआरएम कार्यालय पहुंचे, जहां कार्यालय में ताला लटका मिला। इसके बाद सभी लोग रेलवे आरपीएफ कार्यालय पहुंचे और वहां से स्टेशन परिसर की ओर बढ़ते हुए मुख्य गेट के सामने जोरदार प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों की मांग थी कि रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर आकर सीधे उनसे बातचीत करें।

सूचना मिलने पर स्टेशन मास्टर मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन बस्तीवासी अपनी मांगों पर अड़े रहे। उनका कहना था कि बिना किसी वैकल्पिक व्यवस्था और मुआवजे के अचानक हटाने की कार्रवाई से वे भयभीत हैं। बस्तीवासियों ने सवाल उठाया कि यदि उनके घर तोड़े गए तो वे और उनके परिवार कहां जाएंगे।

प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि पहले पुनर्वास की उचित व्यवस्था और मुआवजा दिया जाए, उसके बाद ही वे घर खाली करने पर विचार करेंगे। अन्यथा किसी भी परिस्थिति में बस्ती खाली नहीं की जाएगी।

इधर, स्टेशन परिसर में आंदोलन की सूचना मिलते ही रेलवे आरपीएफ और रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास करती रही। बताया जा रहा है कि हटाने की कार्रवाई को लेकर रेलवे प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है और बाहर से अतिरिक्त पुलिस बल भी बुलाया जा रहा है। हालात को देखते हुए स्टेशन परिसर और आसपास का इलाका फिलहाल तनावपूर्ण बना हुआ है।

3/related/default