कोरबा (CG ई खबर | जिला संवाददाता : सत्या पटेल) — कोरबा जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र के तुमान गांव में गुरुवार देर रात एक दर्दनाक घरेलू विवाद ने भयावह रूप ले लिया। शराब के नशे में धुत पति और पत्नी के बीच हुए झगड़े के दौरान मारपीट इतनी बढ़ गई कि पत्नी ने आत्मरक्षा में पास रखे पत्थर के जाता से पति के सिर पर जोरदार हमला कर दिया। वार इतना भीषण था कि 40 वर्षीय मनहरण यादव की मौके पर ही मौत हो गई।
रातभर कमरे में मृतक का शव पड़ा रहा। शुक्रवार सुबह ग्रामीणों को घटना का पता चला तो गांव में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही कटघोरा थाना प्रभारी एवं फॉरेंसिक टीम घटनास्थल पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी पत्नी 37 वर्षीय कविता यादव को गिरफ्तार कर लिया है।
शराबखोरी से परेशान था परिवार
जानकारी के अनुसार, मृतक मनहरण यादव खेती-किसानी करता था, लेकिन शराब का आदी होने के कारण घर में आए दिन विवाद होता था। गुरुवार रात भी मनहरण ने नशे की हालत में पत्नी पर हमला किया, जिसके बाद बचाव में पत्नी ने जाता उठाकर वार कर दिया।
पुलिस की प्रारंभिक जांच
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतिश ठाकुर ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला घरेलू विवाद का है। पत्नी द्वारा किए गए हमले के कारण पति की मौत हुई है। आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
8 बच्चों का परिवार, मासूमों पर टूटा दुखों का पहाड़
परिवार में कुल आठ बच्चे—छह बेटियां और दो बेटे हैं। इनमें से दो बेटियों की शादी हो चुकी है, जबकि बाकी बच्चे अभी नाबालिग हैं। अचानक माता-पिता पर आए इस हादसे से परिवार और पूरे गांव में शोक का माहौल है।
घटना ने एक बार फिर शराबखोरी और घरेलू हिंसा के खतरनाक परिणामों को उजागर कर दिया है।


