कोरबा (CG ई खबर | कोरबा जिला संवाददाता : सत्या पटेल) —
मानिकपुर चौकी क्षेत्र के मुड़ापार बाजार मुख्य मार्ग में रहने वाला 24 वर्षीय अरमान खान एक बार फिर अपनी हरकतों को लेकर सुर्खियों में है। शुक्रवार देर शाम उसका उत्पात करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
घरवालों और मोहल्लेवासियों का सब्र टूटा, की पिटाई
मिली जानकारी के अनुसार, अरमान खान लंबे समय से घरवालों और मोहल्लेवासियों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ था। शुक्रवार को वह घर के बाहर जमकर हंगामा करता रहा। इस दौरान उसने घर की एक बुजुर्ग महिला के साथ अभद्रता और मारपीट की कोशिश भी की।
लगातार बढ़ती हरकतों से परेशान परिजनों और कुछ स्थानीय लोगों ने पहले उसकी पिटाई कर उसे काबू में किया। इसके बाद उसके हाथ-पैर पकड़कर घर की ओर ले जाया गया, लेकिन वह फिर भी शांत नहीं हुआ। लगभग आधे घंटे तक यह पूरा घटनाक्रम चलता रहा, जिसे आसपास मौजूद लोगों ने अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया।
पहले भी पिता से मारपीट, पुलिस कार्रवाई के बाद भी नहीं सुधरा
परिजनों ने बताया कि अरमान इससे पहले अपने पिता के साथ मारपीट कर चुका है, जिसकी शिकायत मानिकपुर चौकी में की गई थी। पुलिस ने उस समय भी कार्रवाई की थी, लेकिन उसका व्यवहार लगातार बिगड़ता ही गया।
307 के मामले में जा चुका है जेल
मानिकपुर चौकी में पदस्थ ASI अमर जायसवाल ने जानकारी दी कि अरमान खान पहले धारा 307 (हत्या का प्रयास) के गंभीर मामले में जेल जा चुका है। इसके बावजूद वह लगातार नशे की हालत में घर और आसपास के क्षेत्र में उपद्रव मचाता रहता है।
वीडियो वायरल, पुलिस की त्वरित कार्रवाई—गिरफ्तार
बुजुर्ग महिला से अभद्रता और मारपीट का वीडियो वायरल होने के बाद परिजनों ने फिर से शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तुरंत हरकत में आते हुए अरमान खान को गिरफ्तार कर लिया है।
फिलहाल पुलिस आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है और उसे कोर्ट में पेश करने की तैयारी की जा रही है। बताया जा रहा है कि अरमान नशे का आदी है और इसी तरह की कई घटनाओं को अंजाम दे चुका है।
CG ई खबर की अपील:
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में बढ़ते ऐसे मामलों पर कड़ी निगरानी रखी जाए, ताकि मोहल्ले में शांति और सुरक्षा बनी रहे।


