कंवर समाज आगबबूला, चौतरफा भड़क रहा आक्रोश
[CG ई ख़बर : विजय चौहान | बिलासपुर संभाग ब्यूरो चीफ़]
कोरबा। अविभाजित मध्यप्रदेश से लेकर छत्तीसगढ़ राज्य की राजनीति में अहम भूमिका निभाने वाले वरिष्ठ पूर्व विधायक बोधराम कंवर, ननकीराम कंवर, श्यामलाल कंवर तथा पुरुषोत्तम कंवर जैसे दिग्गज नेताओं वाले कंवर आदिवासी समाज के विरुद्ध की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी से पूरे प्रदेश में जबरदस्त आक्रोश व्याप्त है।
वन विभाग के निलंबित बीटगार्ड शेखर सिंह रात्रे द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर कंवर समाज को लेकर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी का मामला सामने आने के बाद समाज में भारी रोष देखा जा रहा है। उक्त टिप्पणी का स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे समाज की अस्मिता, सम्मान और स्वाभिमान पर सीधा हमला बताया जा रहा है।
प्रदेशभर में विरोध, कड़ी कार्रवाई की मांग
घटना के विरोध में कंवर समाज की विभिन्न इकाइयों द्वारा प्रदेश के कई जिलों में थाना-चौकी एवं प्रशासनिक कार्यालयों में लिखित शिकायतें सौंपी जा रही हैं। समाजजनों ने आरोपी के विरुद्ध कठोर से कठोर कार्रवाई की मांग करते हुए कहा है कि इस तरह की टिप्पणियां सामाजिक सौहार्द को नुकसान पहुंचाती हैं।
कोरबा में दर्ज हुआ अपराध
इसी क्रम में कोरबा जिले के बांकीमोगरा थाना में आरोपी शेखर सिंह रात्रे के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर लिया गया है। सूत्रों के अनुसार, अन्य जिलों में भी प्रकरण दर्ज कराने की प्रक्रिया जारी है और मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है।
प्रशासन अलर्ट, शांति बनाए रखने की अपील
प्रदेशभर में बढ़ते आक्रोश को देखते हुए पुलिस व प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी गई है। प्रशासन ने सभी पक्षों से संयम बरतने और शांति बनाए रखने की अपील की है।
कंवर समाज ने स्पष्ट किया है कि जब तक आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।


