CG ई खबर डॉनेट

Ads-Google

रायगढ़ में दर्दनाक घटना तालाब में डूबने से हाथी के शावक की मौत, वन विभाग में मचा हड़कंप


[ CG ई ख़बर : विजय चौहान | बिलासपुर संभाग ब्यूरो चीफ ]

रायगढ़। रायगढ़ जिले से एक बेहद दुखद और चिंताजनक घटना सामने आई है। जिले के वन परिक्षेत्र अंतर्गत बंगुरसिया सर्किल के बड़झरिया तालाब में नहाने के दौरान एक हाथी शावक की डूबने से मौत हो गई। इस घटना से न केवल वन विभाग में हड़कंप मच गया है, बल्कि वन्यजीव संरक्षण को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, देर रात हाथियों का एक बड़ा झुंड तालाब के पास पहुंचा था। इसी दौरान नहाते समय हाथी का शावक अचानक तालाब के गहरे हिस्से में चला गया और बाहर नहीं निकल सका। पानी में डूबने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि पिछले कुछ दिनों से इस क्षेत्र में करीब 32 हाथियों का दल सक्रिय रूप से विचरण कर रहा है, जिसके चलते आसपास के गांवों में पहले से ही अलर्ट जारी किया गया था। रात के सन्नाटे में हाथियों की तेज चिंघाड़ सुनकर ग्रामीणों को अनहोनी की आशंका हुई, जिसके बाद तत्काल वन विभाग को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही वन विभाग का अमला मौके पर पहुंचा। एसडीओ, रेंजर सहित वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर मौजूद रहे। आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद मृत हाथी शावक के शव को इंद्रा विहार ले जाया गया, जहां विधि-विधान के साथ अंतिम संस्कार किया गया।

गौरतलब है कि बीते तीन महीनों में रायगढ़ जिले में हाथियों की मौत का यह पांचवां मामला है। लगातार हो रही इन घटनाओं ने वन्यजीवों की सुरक्षा, उनके प्राकृतिक आवास और जल स्रोतों की निगरानी व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगा दिए हैं।

वन विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है और भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने का दावा किया है।


Top Post Ad

Below Post Ad

Ads


ads