[CG ई खबर : विजय चौहान | बिलासपुर संभाग ब्यूरो चीफ]
कोरबा। कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत ने मेडिकल कॉलेज एवं जिला अस्पताल का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं और आधारभूत व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मरीजों की सुविधा और सेवाओं की गुणवत्ता बढ़ाने पर विशेष जोर देते हुए कई आवश्यक सुधारात्मक निर्देश दिए।
कलेक्टर ने हमर लैब में ऑनलाइन रिपोर्टिंग को अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने, छतों पर रखी अनुपयोगी सामग्रियों को हटाने तथा बारिश के दौरान छत से होने वाले पानी के रिसाव को रोकने के लिए लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के माध्यम से शीघ्र मरम्मत कार्य कराने के निर्देश दिए।
इसके अलावा बंद पड़े स्टोर रूम में रखी सामग्रियों को सीएमएचओ कार्यालय में स्थानांतरित कर मेडिकल कॉलेज के लिए अतिरिक्त भवन उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए। कलेक्टर ने सोनोग्राफी, डायलिसिस, फिजियोथेरेपी, दवा वितरण केंद्र, ब्लड बैंक, रेडक्रॉस और ट्रामा सेंटर की व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण कर आवश्यक सुधारों पर चर्चा की।
मरीजों की सुगम आवाजाही और बेहतर सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए श्री दुदावत ने लिफ्ट, सेंट्रल एसी और रैम्प निर्माण कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने, निचले तल पर रखी कबाड़ सामग्री हटाने, सीपेज और ड्रेनेज की समस्या का स्थायी समाधान करने तथा पार्किंग व्यवस्था के लिए स्टीमेट तैयार कर जल्द प्रस्तुत करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ श्री दिनेश कुमार नाग, अपर कलेक्टर श्री देवेन्द्र पटेल, मेडिकल कॉलेज के जॉइंट डायरेक्टर डॉ. गोपाल सिंह, डिप्टी मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. डी.एस. पटेल, सीएमएचओ डॉ. सी.के. सिंह, प्रशासनिक अधिकारी श्री अशोक महिपाल, मैट्रन राधा राठिया एवं कविता कोसले सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।


