कार की बोनट पर तलवार से केक काटने की तैयारी, पुलिस ने किया जश्न फीका

CG.ई ख़बर


थाने में मना ‘हैप्पी बर्थडे’, नाबालिगों को दी गई सख्त समझाइश

कोरबा (CG ई खबर | जिला संवाददाता : सत्या पटेल) —
कोरबा शहर में खुलेआम और खतरनाक तरीके से जन्मदिन मनाने का शौक कुछ युवक-युवतियों को भारी पड़ गया। मुड़ापार स्थित हेलीपैड पर कार की बोनट पर केक रखकर तलवार से काटने की तैयारी कर रहे युवक-युवतियों को मानिकपुर पुलिस ने मौके पर ही धर दबोचा। कार्रवाई के बाद बर्थडे का जश्न थाने तक सिमट गया, जहां ‘हैप्पी बर्थडे’ पुलिसिया समझाइश के बीच मनाया गया।

हेलीपैड पर हथियारों के साथ जश्न

प्राप्त जानकारी के अनुसार, जांजगीर-चांपा जिले से कुछ युवक स्कॉर्पियो और अर्टिगा कार में सवार होकर कोरबा पहुंचे थे। मुड़ापार हेलीपैड को जन्मदिन समारोह के लिए चुना गया, जहां तेज आवाज में गाने बजाए जा रहे थे। कार की बोनट पर केक रखा गया और उसे तलवार से काटने की तैयारी चल रही थी। इस दौरान नाबालिग लड़कियां भी मौजूद थीं।

सूचना मिलते ही हरकत में आई पुलिस

हथियार लहराने और शोर-शराबे की सूचना मिलते ही मानिकपुर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंच गई। पुलिस को देखकर युवक तलवार को वाहन में छिपाने लगे और युवतियां कार के अंदर बैठ गईं, लेकिन तलाशी के दौरान तलवार बरामद कर ली गई।

राजनीतिक रसूख दिखाने की कोशिश नाकाम

पुलिस कार्रवाई के दौरान एक युवक ने कथित राजनीतिक पहुंच का हवाला देकर दबाव बनाने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने किसी भी दबाव में आए बिना नियमों के तहत कार्रवाई की। सभी को मानिकपुर पुलिस चौकी लाया गया।

नाबालिगों को परिजनों के सुपुर्द, आरोपियों पर कार्रवाई

चौकी में नाबालिग लड़कियों के परिजनों को बुलाकर कड़ी समझाइश दी गई और उन्हें परिजनों के सुपुर्द किया गया। वहीं मुख्य आरोपी युवक के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। नियमों के उल्लंघन पर संबंधित वाहनों के चालान भी काटे गए।

अभिभावकों की लापरवाही पर सवाल

बाल कल्याण समिति के सदस्य मनोज ठाकुर ने इस घटना को गंभीर बताते हुए कहा कि देर रात नाबालिगों का बाहर रहना और हथियारों के साथ जश्न मनाना बेहद चिंताजनक है। यह अभिभावकों की लापरवाही को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि बच्चों की गतिविधियों और संगति पर अभिभावकों को विशेष निगरानी रखने की आवश्यकता है।

पुलिस की सख्ती से टला बड़ा हादसा, शहर में कानून-व्यवस्था को लेकर स्पष्ट संदेश

3/related/default