(CG ई खबर | कोरबा जिला संवाददाता : नारायण चंद्राकर)
कोरबा जिले के कछार ग्राम पंचायत में एक व्यक्ति के आकस्मिक निधन के बाद अंतिम संस्कार के दौरान शासकीय भूमि को लेकर विवाद की स्थिति निर्मित हो गई। मृतक भोंदल यादव (60 वर्ष), जो देवनारायण यादव के ससुर बताए जा रहे हैं, के निधन के पश्चात परिजन अंतिम संस्कार की तैयारी के लिए मिट्टी लेने शासकीय भूमि पर पहुंचे थे।
इसी दौरान ग्राम निवासी धनी प्रसाद धनवार ने उक्त भूमि को अपनी निजी संपत्ति बताते हुए आपत्ति जताई, जिससे अंतिम संस्कार की प्रक्रिया कुछ समय के लिए बाधित हो गई। विवाद की सूचना फैलते ही माहौल तनावपूर्ण हो गया और परिजन लगभग दो घंटे तक मिट्टी की व्यवस्था को लेकर परेशान होते रहे।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए डायल 112 पर सूचना दी गई, जिसके बाद बांगो थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाइश देकर स्थिति को नियंत्रित किया, जिसके पश्चात मृतक भोंदल यादव का अंतिम संस्कार शांतिपूर्वक संपन्न कराया गया।
जानकारी के अनुसार जिस भूमि को लेकर विवाद हुआ, वह शासकीय भूमि है, हालांकि धनी प्रसाद धनवार द्वारा उक्त भूमि का पट्टा अपने नाम होने का दावा किया जा रहा है। इसी दावे के चलते दोनों पक्षों के बीच विवाद उत्पन्न हुआ।
पुलिस ने दोनों पक्षों को आपसी सहमति से भूमि का सीमांकन कराने की सलाह दी है, ताकि भविष्य में इस तरह की स्थिति दोबारा न बने। फिलहाल पुलिस हस्तक्षेप के बाद मामला शांतिपूर्ण है, लेकिन इस घटना ने क्षेत्र में भूमि विवादों और प्रशासनिक व्यवस्थाओं को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।


