छत्तीसगढ़: लिव-इन संबंध में रह रही महिला ने की आत्महत्या, मायके में प्रवेश से मना करने पर उठाया कदम

CG.ई ख़बर


(CG ई खबर | जिला संवाददाता: नारायण चंद्राकर)

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से एक हृदयविदारक मामला सामने आया है। बालको थाना क्षेत्र अंतर्गत रूमगरा बस्ती में रहने वाली 33 वर्षीय महिला पुष्पा राठौर ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मायके में प्रवेश की अनुमति न मिलने से मानसिक रूप से आहत होकर महिला ने यह आत्मघाती कदम उठाया।

चार वर्षों से लिव-इन रिलेशनशिप में थी महिला

मृतका पुष्पा राठौर तलाकशुदा थीं और एक बच्चे की मां थीं। वे पिछले लगभग चार वर्षों से सत्यम सोनी (35 वर्ष) के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थीं। सत्यम सोनी पहले से शादीशुदा हैं और उनके दो बच्चे हैं, जो फिलहाल उन्हीं के साथ रहते हैं।

बाजार जाने को लेकर हुआ विवाद

सत्यम सोनी के मुताबिक, घटना वाले दिन वे अपने दोनों बच्चों के साथ बाजार गए थे। इसी बात को लेकर पुष्पा नाराज हो गईं और उन्होंने आरोप लगाया कि सत्यम उनके लिए समय नहीं निकालते। इसी बीच पुष्पा ने फोन पर यह बताया कि वे अपने मायके जा रही हैं।


मायके में प्रवेश से इनकार बना कारण

मायके पहुंचने के बाद पुष्पा ने अपने पिता से फोन पर बात कर घर आने की अनुमति मांगी, लेकिन पिता और भाई ने सामाजिक भय और लोकलाज का हवाला देते हुए उन्हें घर आने से मना कर दिया। परिजनों की इस अस्वीकृति से पुष्पा गहरे मानसिक तनाव में चली गईं।

कमरे में बंद होकर दी जान

बताया जा रहा है कि मायके में प्रवेश न मिलने के बाद पुष्पा ने खुद को एक कमरे में बंद कर लिया और बाद में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सत्यम सोनी ने भी पुलिस को दिए बयान में पुष्टि की है कि पिता द्वारा घर आने से मना किए जाने के बाद ही पुष्पा ने यह कदम उठाया।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलने पर बालको थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और परिजनों व संबंधित लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।

3/related/default