कोरबा: तानाखार मार्ग पर कार–डीजल टैंकर की भीषण टक्कर, एक की मौत, चार गंभीर

CG.ई ख़बर


(CG ई खबर | पिंकी महंत : कटघोरा ब्लॉक संवाददाता)

कोरबा जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत तानाखार मार्ग पर शुक्रवार, 20 दिसंबर 2025 को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार अल्टो कार और डीजल टैंकर के बीच आमने-सामने की टक्कर में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे में मृतक की पहचान जुगनू खान (36 वर्ष), निवासी सूरजपुर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि कार में कुल पाँच लोग सवार थे, जिनमें दो महिलाएं और तीन पुरुष शामिल थे। सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटघोरा पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उच्च संस्थान रेफर किए जाने की तैयारी की जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित परिवार सूरजपुर से बिलासपुर इलाज कराने जा रहा था, तभी यह हादसा हुआ। दुर्घटना के बाद सड़क के दोनों ओर करीब दो किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे लगभग आधे घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे का प्रमुख कारण दोनों वाहनों की तेज रफ्तार बताया जा रहा है। सूचना मिलते ही कटघोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं यातायात व्यवस्था को संभाला।

कटघोरा थाना प्रभारी धर्म नारायण तिवारी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि हादसे में एक व्यक्ति की मौत हुई है तथा चार लोग गंभीर रूप से घायल हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच शुरू कर दी है।

3/related/default