(CG ई खबर | दर्री ब्लॉक रिपोर्टर : सरस्वती मरकाम)
रायपुर। राजधानी रायपुर के तेलीबांधा थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में महिला पत्रकार गायत्री सिंह गंभीर रूप से घायल हो गईं। सड़क पार करते समय अज्ञात तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वे सड़क पर गिर पड़ीं। हादसे में उनका मोबाइल फोन भी क्षतिग्रस्त हो गया।
स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल डॉ. भीमराव आंबेडकर अस्पताल के कैजुअल्टी ट्रॉमा यूनिट में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। चिकित्सकों के अनुसार पैरों में गंभीर चोटें आई हैं और सर्जरी के साथ अंग विच्छेदन (अंपुटेशन) की आशंका जताई गई है।
तेलीबांधा थाना प्रभारी अविनाश सिंह ने बताया कि हादसे के बाद ट्रक चालक फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आसपास के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर वाहन और चालक की तलाश शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को दुर्घटना का कारण माना जा रहा है।
घटना को लेकर पत्रकार संगठनों और परिजनों ने चिंता जताते हुए दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई और महिला पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। फिलहाल घायल पत्रकार का इलाज जारी है और वे चिकित्सकीय निगरानी में हैं।


