(CG ई खबर | कोरबा जिला संवाददाता : नारायण चंद्राकर)
सेलम/तमिलनाडु। एक चौंकाने वाली वारदात में मंगलवार को 40 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने अपनी ही पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी सीधे थाने पहुंचा, जहां उसने आत्मसमर्पण करते हुए अपना जुर्म कबूल कर लिया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पति-पत्नी पिछले करीब डेढ़ साल से अलग रह रहे थे। आरोपी को पत्नी के चरित्र पर संदेह था, जिसे लेकर दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। यही विवाद इस खौफनाक वारदात की वजह बना।
रास्ते में रोककर मारी चार गोलियां
मृतका भुवनेश्वरी यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की बसवेश्वरननगर शाखा में असिस्टेंट मैनेजर के पद पर कार्यरत थीं। मंगलवार शाम करीब 6:30 से 7 बजे के बीच, जब वह ड्यूटी के बाद घर लौट रही थीं, तभी आरोपी पति बालामुरुगन ने उन्हें रास्ते में रोक लिया।
आरोपी ने पिस्टल निकालकर बेहद करीब से चार गोलियां चलाईं। गोली लगने से महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
चार महीनों से कर रहा था पीछा
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसकी शादी वर्ष 2011 में हुई थी। पिछले 18 महीनों से दोनों अलग-अलग रह रहे थे। चरित्र को लेकर बढ़ते शक के कारण रिश्तों में कड़वाहट आ गई थी। पत्नी ने अलग कमरा लेकर रहना शुरू कर दिया था, लेकिन आरोपी ने उसका पता लगा लिया।
आरोपी ने स्वीकार किया कि वह पिछले चार महीनों से पत्नी की गतिविधियों पर नजर रखे हुए था।
बेरोजगार आरोपी, हथियार भी किया पुलिस के सुपुर्द
वेस्ट डिवीजन के डीसीपी एस. गिरीश के अनुसार आरोपी पहले एक निजी कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर था, लेकिन पिछले चार वर्षों से बेरोजगार था। पति-पत्नी दोनों तमिलनाडु के सेलम जिले के निवासी हैं।
हत्या के बाद आरोपी ने खुद थाने पहुंचकर सरेंडर किया और वारदात में इस्तेमाल पिस्टल भी पुलिस को सौंप दी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ BNS की धारा 103 के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।



