12 टन चोरी का केबल जब्त, 1.11 करोड़ की संपत्ति बरामद
(CG ई खबर) : जांजगीर-चांपा | जांजगीर-चांपा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। सायबर सेल एवं थाना अकलतरा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में अंतरजिला केबल तार चोरी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 12 टन चोरी का केबल तार बरामद किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 80 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस ने इसके अलावा चोरी में प्रयुक्त गैस कटर, वायर कटर, एक ट्रक कंटेनर, 01 बोलेरो निओ वाहन तथा 02 मोटरसाइकिल भी जब्त की हैं। कुल मिलाकर जब्त की गई संपत्ति की कीमत लगभग 1 करोड़ 11 लाख रुपये आंकी गई है।
दूसरे राज्य में खपाने की थी तैयारी
पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी चोरी किए गए केबल तार को दूसरे राज्य में बेचने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन उससे पहले ही जांजगीर-चांपा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पूरे गिरोह को धर दबोचा।
ऐसे हुआ गिरोह का खुलासा
पिछले कुछ समय से जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में केबल एवं बिजली तार चोरी की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। थाना अकलतरा में प्रकरण दर्ज होने के बाद पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पाण्डेय के निर्देश पर एक विशेष टीम गठित की गई।
दिनांक 23 दिसंबर 2025 को मुखबिर से सूचना मिली कि एक ट्रक कंटेनर में भारी मात्रा में बिजली के तार लोड कर दूसरे राज्य ले जाया जा रहा है। सूचना पर सायबर सेल एवं अकलतरा पुलिस की टीम ने जिला जेल के पीछे शासकीय स्कूल के पास संदिग्ध वाहन को रोककर जांच की, जहां से चोरी का केबल तार एवं गैस कटर बरामद किया गया।
पूछताछ में ट्रक चालक फिरोज खान ने बताया कि यह तार नैला निवासी आसिफ रजा के गोदाम से लोड किया गया था। इसके बाद पुलिस ने गोदाम में दबिश देकर बड़ी मात्रा में चोरी का केबल जब्त किया और गिरोह के सभी 11 सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस टीम को मिलेगा इनाम
इस सफल कार्रवाई पर पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने सायबर सेल प्रभारी निरीक्षक सागर पाठक एवं अकलतरा थाना प्रभारी निरीक्षक भास्कर शर्मा सहित पूरी टीम की सराहना करते हुए इनाम देने की घोषणा की है।


