मां का रो-रोकर बुरा हाल, गांव में शोक की लहर
कोरबा (CG ई खबर | जिला संवाददाता : सत्या पटेल) — कोरबा जिले में मंगलवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 13 वर्षीय छात्र की मौत हो गई। रामपुर–जोगीपाली मार्ग पर दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में गंभीर रूप से घायल नाबालिग को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इकलौते बेटे की असमय मौत से परिजनों में कोहराम मच गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान रायगढ़ जिले के भूपदेवपुर थाना अंतर्गत ग्राम नहरपाली निवासी बिरेंद्र कुमार मांझी (13 वर्ष) के रूप में हुई है। बिरेंद्र कक्षा छठवीं का छात्र था और अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। वह अपने दो दोस्तों—बीरू और सुरेश—के साथ करतला थाना क्षेत्र के ग्राम जोगीपाली स्थित नाना के घर जाने की बात कहकर घर से निकला था। इसके बाद तीनों रामपुर मेला देखने पहुंच गए।
बताया गया कि बिरेंद्र ने मेला जाने की जानकारी पहले अपने पिता को दी थी, लेकिन पिता ने उसे मना कर दिया था। इसके बावजूद वह जिद पर अड़ गया और दोस्तों के साथ बाइक क्रमांक CG 13 AW 9078 में सवार होकर रामपुर आ गया। रात करीब 9 बजे, वह अपने दोस्तों को मेले में छोड़कर नाना के घर लौट रहा था। इसी दौरान चिराई झोरखी के समीप सामने से आ रही एक अन्य बाइक से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइकें क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसे में बिरेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि दूसरी बाइक का चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और नाबालिग को तत्काल करतला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक के शव को मर्क्युरी शिफ्ट कर मेमों अस्पताल चौकी भेजा गया। मंगलवार सुबह अस्पताल पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में पंचनामा सहित वैधानिक कार्रवाई पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया। घटना के बाद परिवार और गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। मां का रो-रोकर बुरा हाल है और परिजन गहरे सदमे में हैं।
गौरतलब है कि यातायात पुलिस लगातार नाबालिगों को वाहन न चलाने और अभिभावकों को बच्चों के हाथ में स्टेयरिंग न देने की समझाइश दे रही है। इसके बावजूद नियमों की अनदेखी के गंभीर परिणाम सामने आ रहे हैं। बीते कुछ दिनों में करतला थाना क्षेत्र में ही सड़क हादसों में तीन नाबालिगों की मौत हो चुकी है, और तीनों मामलों में नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने की बात सामने आई है। पुलिस ने मामले में वैधानिक कार्रवाई पूरी कर जांच शुरू कर दी है।


