अवैध शराब कार्रवाई के दौरान ग्रामीणों का हमला, मुखबीर व चालक की पिटाई; स्कॉर्पियो में तोड़फोड़

CG.ई ख़बर


आबकारी अफसर को ढाई घंटे बंधक बनाया

कोरबा (CG ई खबर | जिला संवाददाता : सत्या पटेल) — कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची आबकारी विभाग की टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। इस सनसनीखेज घटना में टीम प्रभारी नारायण सिंह कंवर को करीब ढाई घंटे तक बंधक बनाकर रखा गया, जबकि मुखबीर प्रमोद देवांगन और वाहन चालक की जमकर पिटाई की गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने विभागीय स्कॉर्पियो वाहन में भी तोड़फोड़ की।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आबकारी विभाग की टीम एक स्कॉर्पियो वाहन से गांव में अवैध शराब की सूचना पर कार्रवाई करने पहुंची थी। टीम में दो वर्दीधारी आबकारी कर्मी, एक मुखबीर और चालक शामिल थे। कार्रवाई के दौरान किसी बात को लेकर ग्रामीणों से विवाद बढ़ गया, जो देखते ही देखते हिंसक रूप ले बैठा।

स्थिति बिगड़ती देख टीम वहां से निकलने का प्रयास कर रही थी, तभी ग्रामीणों ने उन्हें घेर लिया। ग्रामीणों ने टीम प्रभारी नारायण सिंह कंवर को बंधक बना लिया, वहीं पताड़ी निवासी मुखबीर प्रमोद देवांगन पर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा और उसकी जमकर पिटाई कर दी गई। चालक के साथ भी मारपीट की गई। इस दौरान स्कॉर्पियो वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया गया।

हालांकि, टीम के अन्य कर्मचारी किसी तरह मौके से निकलने में सफल रहे और उच्च अधिकारियों को घटना की सूचना दी। सूचना मिलने पर 112 आपातकालीन वाहन मौके पर पहुंचा, लेकिन ग्रामीणों के उग्र रवैये को देखते हुए उसे लौटना पड़ा। बाद में उरगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद टीम प्रभारी को ग्रामीणों के चंगुल से मुक्त कराया।

इसके बाद सभी आबकारी अधिकारी-कर्मचारी उरगा थाना पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की लिखित शिकायत दर्ज कराई।

ग्रामीणों का आरोप है कि मुखबीर प्रमोद देवांगन अवैध रूप से मुखबिरी कर कार्रवाई करवाता था और लोगों से अवैध वसूली भी करता था, जिससे वे पहले से आक्रोशित थे। इसी आक्रोश के चलते मारपीट और वाहन तोड़फोड़ की घटना हुई।

घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस मौके पर मौजूद रहकर हालात पर नजर बनाए हुए है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

इस संबंध में आबकारी अधिकारी आशा सिंह ने बताया कि उन्हें फोन के माध्यम से घटना की जानकारी मिली थी, जिसके बाद तत्काल पुलिस में शिकायत दर्ज कराने के निर्देश दिए गए। वहीं, कोरबा सीएसपी भूषण एक्का ने कहा कि आबकारी विभाग द्वारा मारपीट की शिकायत दी जा रही है, शिकायत मिलते ही आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

3/related/default