(CG ई खबर | बिलासपुर संभाग ब्यूरो चीफ : विजय चौहान)
कोरबा/कटघोरा | 24 दिसंबर 2025
कटघोरा क्षेत्र से एक सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। जनपद सदस्य एवं वरिष्ठ भाजपा नेता अक्षय गर्ग की नृशंस हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हो गया है कि इस जघन्य हत्याकांड के पीछे चुनावी रंजिश ही मुख्य कारण रही।
आईजी डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देशन और एसपी सिद्धार्थ तिवारी की कड़ी निगरानी में चल रही जांच में पुलिस ने अहम कड़ियां जोड़ ली हैं। सूत्रों के अनुसार, इस हत्याकांड में कुल पांच लोगों की संलिप्तता सामने आई है।
मुख्य आरोपी गिरफ्तार, मास्टरमाइंड हिरासत में
धारदार हथियार टंगिया से हमला करने वाला मुख्य आरोपी पुलिस की गिरफ्त में है, जबकि हत्या की साजिश रचने वाला मास्टरमाइंड भी हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस को दो आरोपियों के प्रत्यक्ष रूप से हत्या में शामिल होने के ठोस और पुख्ता प्रमाण मिले हैं।
चुनावी हार से उपजा था विवाद
जांच में सामने आया है कि जनपद पंचायत क्षेत्र बिंझरा के चुनाव में अक्षय गर्ग की जीत के बाद उनके प्रतिद्वंद्वी मुश्ताक से विवाद लगातार गहराता चला गया था। करीब एक वर्ष पूर्व चुनावी हार को लेकर दोनों पक्षों के बीच मारपीट की घटना भी हुई थी। तभी से बदले की भावना पनप रही थी, जो अंततः हत्या जैसी गंभीर वारदात में बदल गई।
तीन आरोपी फरार, तलाश जारी
वारदात के समय वाहन में मौजूद तीन अन्य आरोपी, जिन्होंने चाकू से हमला किया था, फिलहाल फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
हत्या में प्रयुक्त वाहन जब्त
पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त वाहन को भी जब्त कर लिया है। जांच में सामने आया है कि यह वाहन मुख्य साजिशकर्ता द्वारा हाल ही में खरीदा गया था, जिसका उपयोग पूरी योजना के तहत वारदात को अंजाम देने में किया गया।
इन लोगों को फिलहाल हिरासत में लिया गया
पुलिस ने मुश्ताक, अर्बन कुजूर और विश्वजीत ओगरे सहित कुल पांच लोगों को हिरासत में लिया है। हालांकि पुलिस के आधिकारिक खुलासे से पहले किसी अंतिम निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी माना जा रहा है।
आज होगा अंतिम संस्कार
भाजपा नेता अक्षय गर्ग का अंतिम संस्कार आज कटघोरा के मलदा घाट मुक्तिधाम में किया जाएगा। अंतिम विदाई में बड़ी संख्या में समर्थकों, भाजपा कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं।


