निजी अस्पताल भेजे जाने की शिकायत पर मेडिकल कॉलेज प्रशासन सख्त

CG.ई ख़बर


डीन डॉ. के. के. सहारे ने जारी किए कड़े निर्देश, निजी एम्बुलेंस पर पूर्ण प्रतिबंध

(CG ई खबर | बिलासपुर संभाग ब्यूरो चीफ : विजय चौहान)

कोरबा | 24 दिसंबर 2025
सरकारी अस्पताल के बजाय मरीजों को निजी अस्पताल भेजे जाने की कथित शिकायतों को मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। स्व. श्री बिसाहू दास महंत स्मृति मेडिकल कॉलेज एवं संबद्ध चिकित्सालय कोरबा के डीन डॉ. के. के. सहारे ने इस संबंध में प्रकाशित समाचार पर तत्काल संज्ञान लेते हुए प्रारंभिक जांच के निर्देश दिए थे।

जांच के उपरांत डीन डॉ. सहारे ने स्पष्ट किया कि फिलहाल किसी भी अधिकारी या कर्मचारी की प्रत्यक्ष संलिप्तता सामने नहीं आई है। इसके बावजूद भविष्य में ऐसी किसी भी गतिविधि की संभावना को पूरी तरह समाप्त करने के उद्देश्य से अस्पताल प्रशासन ने कड़ा निर्णय लेते हुए अस्पताल परिसर में निजी एजेंसियों एवं निजी एम्बुलेंस के प्रवेश और ठहराव पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है।

डीन डॉ. के. के. सहारे ने स्पष्ट निर्देश जारी करते हुए कहा कि मरीजों को निजी अस्पताल भेजने जैसी गतिविधियां पूर्णतः अस्वीकार्य हैं और यह शासकीय चिकित्सा व्यवस्था की मूल भावना के विरुद्ध है। इस संबंध में सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को लिखित रूप से निर्देशित कर दिया गया है।

मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने चेतावनी दी है कि यदि भविष्य में किसी भी अधिकारी या कर्मचारी की इस प्रकार की गतिविधियों में संलिप्तता पाई जाती है, तो उसके विरुद्ध कठोरतम विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
अस्पताल में अनुशासन और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सहायक अस्पताल अधीक्षक एवं उप-अस्पताल अधीक्षक को नियमित मॉनिटरिंग करने तथा किसी भी तरह की पुनरावृत्ति रोकने के सख्त निर्देश दिए गए हैं।

डीन डॉ. के. के. सहारे ने दोहराया कि मेडिकल कॉलेज एवं संबद्ध चिकित्सालय में मरीजों को गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी और निष्पक्ष चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। मरीजों के हितों से समझौता करने वाली किसी भी गतिविधि को किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

3/related/default