CG ई खबर डॉनेट

Ads-Google

सारंगढ़–बिलाईगढ़ | बिलासपुर रोड पर पुलिस अफसर की कार से हादसा, नशे के आरोपों ने बढ़ाया बवाल


(CG ई खबर | बिलासपुर संभाग ब्यूरो चीफ : विजय चौहान)

सारंगढ़–बिलाईगढ़ 24 दिसंबर 2025 को कलेक्ट्रेट चौक के पास मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक पुलिस अधिकारी की कार ने स्कूटी सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के बाद कार अनियंत्रित हो गई और सड़क पर लगे बैरिकेड्स को तोड़ते हुए डिवाइडर से जा टकराई। घटना को लेकर तब स्थिति और गंभीर हो गई, जब यह सामने आया कि स्कूटी और कार—दोनों पर ही पुलिस का चिन्ह अंकित था। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि कार चला रहा पुलिस अधिकारी नशे की हालत में था।


घटना के तुरंत बाद मौके पर पहुंचे अन्य पुलिसकर्मियों द्वारा आरोपी अधिकारी को एक अलग पुलिस वाहन में बैठाकर वहां से ले जाने पर लोगों का आक्रोश और भड़क उठा। नागरिकों का कहना है कि यह कार्रवाई पूरे मामले को दबाने की कोशिश का संकेत देती है।

घटना से नाराज लोगों ने कलेक्ट्रेट चौक पर सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया और दोषी अधिकारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने तत्काल एफआईआर दर्ज करने, मेडिकल जांच कराने, संबंधित वाहन जब्त करने तथा निष्पक्ष और पारदर्शी जांच सुनिश्चित करने की मांग उठाई।

इस पूरे घटनाक्रम ने एक बार फिर पुलिस की जवाबदेही और कानून के समान अनुपालन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। समाचार लिखे जाने तक इस मामले में जिम्मेदार अधिकारियों की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

Top Post Ad

Below Post Ad

Ads


ads